शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bhiwani News:मनीषा के पिता चीख-चीखकर कहते रहे बेटी की हत्या हुई, सीबीआई आत्महत्या साबित करने पर अड़ी रही – Manisha Father Kept Saying That His Daughter Had Been Murdered
भिवानी

Bhiwani News:मनीषा के पिता चीख-चीखकर कहते रहे बेटी की हत्या हुई, सीबीआई आत्महत्या साबित करने पर अड़ी रही – Manisha Father Kept Saying That His Daughter Had Been Murdered

November 1, 2026


भिवानी। ढाणी लक्ष्मण निवासी शिक्षिका मनीषा की मौत को पिता संजय कुमार चीख-चीखकर हत्या बताते रहे लेकिन केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) आत्महत्या साबित करने पर अड़ा रहा। शनिवार को अदालत से सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट खारिज होने के बाद मनीषा की मौत से जुड़े सवाल फिर से उठ खड़े हुए हैं। कोर्ट के निर्णय ने साबित कर दिया कि मनीषा के पिता ने जांच प्रक्रिया से जुड़े जो सवाल विरोध याचिका में उठाए थे वे निराधार नहीं हैं। कमियां कहां और किस स्तर पर रहीं, इसकी तलाश के लिए सीबीआई को इस बहुचर्चित मामले की कुंडली फिर से खंगालनी होगी।

11 अगस्त 2025 से लापता मनीषा का शव 13 अगस्त को मिला था। पुलिस जांच दो बार पोस्टमार्टम के बाद भी किसी अंतिम नतीजे पर नहीं पहुंची। दिल्ली एम्स में फिर से पोस्टमार्टम करवाया गया। रिपोर्ट में हत्या के संकेत मिले। जांच सीबीआई को दी गई। गवाहों से पूछताछ और मौका रिपोर्ट के लिए एजेंसी ने भिवानी में ही रहकर लंबी जांच की। आखिर 12 अगस्त 2026 सीबीआई ने पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में क्लोजर रिपोर्ट दाखिल कर दावा किया कि मनीषा ने आत्महत्या की थी। मनीषा का शव मिलने के दिन से ही पिता संजय कहते रहे कि बेटी की हत्या की गई है और उसे न्याय दिलाने तक लड़ेंगे। क्लोजर रिपोर्ट के विरोध में उन्होंने 7 सितंबर को याचिका लगाई और पूरी जांच प्रक्रिया और तथ्यों पर गंभीर सवाल खड़े किए। विशेष अदालत के फैसले के बाद सीबीआई को अब इन सवालों की कसौटी पर खुद को खरा साबित करना होगा। संजय कुमार कहते हैं कि भले ही कितना समय लग जाए, बेटी को न्याय दिलाकर रहूंगा।

शव बरामदगी के समय ऐसे थे हालात

मनीषा का शव सिंघानी गांव के समीप नहर के पास खेत में मिला था। चेहरा, नाक की संरचनाएं, दोनों आंखों के सॉकेट और गर्दन गायब थे। परिजनों ने दुष्कर्म, हत्या और अंग निकालने के आरोप लगाए। मौके से हस्तलिखित सुसाइड नोट भी सामने आया। इसमें मनीषा ने बीएससी नर्सिंग करने की इच्छा जताई थी। रोहतक की क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला ने लिखावट की पुष्टि की। सीसीटीवी फुटेज में मनीषा को 11 अगस्त को दोपहर करीब दो बजे कीटनाशक खरीदते हुए भी देखा गया।

रोहतक पीजीआई और एम्स की रिपोर्ट में विरोधाभास

भिवानी के जिला नागरिक अस्पताल और रोहतक पीजीआई में हुए दो पोस्टमार्टम में मनीषा की गर्दन पर चोटें तथा चेहरे और गर्दन की संरचनाओं के गायब होने की बात सामने आई थी। दोनों रिपोर्ट में मौत का कारण जहर बताया गया। विसरा जांच में ऑर्गेनोफॉस्फोरस की पुष्टि हुई। परिजनों के विरोध के बाद दिल्ली एम्स में तीसरा पोस्टमार्टम कराया गया। एम्स बोर्ड ने गर्दन के विच्छेद को संदिग्ध माना और मौत का कारण धारदार हथियार से लगी गंभीर चोटों को बताया।

सीबीआई की क्लोजर रिपोर्ट में यह था निष्कर्ष

एम्स बोर्ड की रिपोर्टर में जहर मिलने के साक्ष्य नहीं थे। इसके बाद सीबीआई ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से गठित पांच चिकित्सकों के सुपर-स्पेशियलिटी मेडिकल बोर्ड (एसएसएमबी) की राय को आधार बनाया। बोर्ड ने एम्स के निष्कर्षों को खारिज करते हुए शरीर से गायब संरचनाओं के लिए जानवरों की गतिविधि को जिम्मेदार बताया। साथ ही मनीषा की मौत का कारण ऑर्गेनोफॉस्फोरस विषाक्तता माना। इस राय के आधार पर सीबीआई ने क्लोजर रिपोर्ट में मनीषा की मौत को आत्महत्या बताया।

विरोध याचिका में उठाए गए सवाल

विरोध याचिका की पैरवी कर रहे सीबीआई के पूर्व उप कानूनी सलाहकार एडवोकेट हर्ष मोहन सिंह का कहना था कि सिंघानी नहर के पास जिस खेत में मनीषा का शव मिला था, वहां से परिजन करीब 24 घंटे पहले गुजरे थे, लेकिन उस समय वहां शव नहीं था। शव मिलने से करीब 48 घंटे पहले ही मनीषा की मौत होने की बात भी उठाई गई। वकील ने बताया कि घटनास्थल पर शव को करीब 10 फीट तक घसीटे जाने के निशान मिले थे, लेकिन मौत से पहले संघर्ष के कोई निशान नहीं थे। इससे शव को दूसरी जगह से लाकर वहां डालने की आशंका जताई गई। मनीषा का मोबाइल फोन टूटी हुई हालत में मिला था। पुलिस फोन का कोई डाटा रिकवर नहीं कर पाई थी। शव से करीब 120 फीट दूर मनीषा का दुपट्टा और चप्पलें भी मिली थीं। वकील ने सवाल उठाया कि मौत के दौरान दुपट्टा इतनी दूर कैसे पहुंचा।

——

सीबीआई की विशेष अदालत के फैसले से मैं और मेरा परिवार पूरी तरह संतुष्ट हैं। मैं चाहता हूं कि बेटी की मौत का सच सबके सामने आए। अदालत ने हमारी ओर से उठाए सवालों पर विचार कर सीबीआई को आगे की जांच के आदेश दिए हैं। – संजय कुमार, मनीषा के पिता

☰

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X