Jaunpur News:शिक्षक की नौकरी के नाम पर 5.50 लाख रुपये हड़पे, प्रबंधक समेत पांच पर प्राथमिकी – Rs 5.50 Lakh Swindled Under The Pretext Of A Teaching Job
बदलापुर। निजी विद्यालय में शिक्षक की नौकरी दिलाने के नाम पर 5.50 लाख रुपये लेने और नियुक्ति नहीं कराने के आरोप में पुलिस ने विद्यालय प्रबंधक समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। सरपतहां थाना क्षेत्र के सवायन गांव निवासी दीपक दीक्षित ने पुलिस अधीक्षक से शिकायत कर आरोपियों पर धोखाधड़ी और रुपये हड़पने का आरोप लगाया है।
दीपक दीक्षित के अनुसार, वह एक निजी विद्यालय में शिक्षक हैं। एक रिश्तेदार के माध्यम से उनकी मुलाकात रामपुर स्थित श्री देवकी जन कल्याण जूनियर हाईस्कूल के प्रबंधक सभाजीत तिवारी से हुई थी। आरोप है कि विद्यालय में शिक्षक की नौकरी दिलाने के लिए साढ़े सात लाख रुपये में सौदा तय हुआ था। इसमें नियुक्ति से पहले 5.50 लाख और नौकरी मिलने के बाद दो लाख रुपये देने की बात हुई थी। पीड़ित का आरोप है कि तय रकम के अनुसार विद्यालय के शिक्षक राजेश कुमार सिंह, उनके करीबी शशिभान मौर्य, शाश्वत तिवारी और चंद्रभूषण तिवारी के खातों में फोन-पे और बैंक के माध्यम से कुल 5.50 लाख रुपये स्थानांतरित किए। इसके बावजूद उन्हें शिक्षक की नौकरी नहीं मिली। रुपये वापस मांगने पर आरोपियों की ओर से जान से मरवाने की धमकी दी जाने लगी। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। थानाध्यक्ष फूलचंद्र पांडेय ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्रबंधक समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
