कटनी पुलिस ने बड़वारा के जंगल में चल रहे बड़े जुआ फंड पर छापेमार कार्रवाई करते हुए 14 जुआरियों को अरेस्ट किया है, जबकि सात आरोपी अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार गए थे। एसपी ने बताया जुआ फंड कार्रवाई में 80 हजार नगद समेत 13 लाख का मशरूका जब्त किया है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
दरअसल, पूरी कार्रवाई कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र के ग्राम भदौरा नंबर 2 से लगे जंगल में करीब 15 दिनों से सक्रिय जुआ फंड संचालित किया जा रहा था। इसकी शिकायत मिलते ही कटनी एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने तत्काल बड़वारा थाना प्रभारी को सख़्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए थे। हालांकि 24 घंटे के भीतर कार्रवाई न होने पर तत्काल जुआ फंड पर कार्रवाई के लिए एसपी ने विशेष टीम बनाकर मौके पर रवाना किया और देर रात छापेमार कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को जुआ खेलते गिरफ्तार किया। एसपी की पूरी कार्रवाई विशेष टीम ने की है, जिसमें बड़वारा पुलिस की भूमिका संदिग्ध है। इसकी जांच करवाई जाएगी।
ये भी पढ़ें- देवास टीआई मौत मामला: आयशर मालिक गिरफ्तार, तीन शराब दुकान के लाइसेंस रद्द; आबकारी विभाग के अफसर-कर्मी निलंबित
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि बडवारा में चल रहे जुआ फंड में कार्रवाई के लिए विशेष टीम बनाकर कार्रवाई की है। इसमें मौके से अनामिक बेनर्जी, प्रिंस पांडेय, अंकित बरगाही, जुनैद खान, राज निषाद, मुकेश पटेल, पुष्पराज सिंह, बसंत शर्मा, संजय, संदीप गुप्ता, बल्ली निषाद, अजय साहू, आनंद निषाद, सुरेन्द निषाद समेत 14 आरोपी अरेस्ट किया है। इनसे 80,500 नगद, आठ मोटरसाईकिल, 14 मोबाइल बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत 13 लाख आंकी गई है। पकड़े गए सभी आरोपियों पर जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज न्यायालय के समक्ष पेशकर जहां से सभी को भेजा गया है।