रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Aligarh News:जेएन मेडिकल कॉलेज में रोजाना हो सकेंगी सिर्फ 15 एमआरआई – Only 15 Mris Can Be Performed Daily At Jn Medical College
अलीगढ़

Aligarh News:जेएन मेडिकल कॉलेज में रोजाना हो सकेंगी सिर्फ 15 एमआरआई – Only 15 Mris Can Be Performed Daily At Jn Medical College

November 22, 2026


जेएन मेडिकल कॉलेज में अब रोजाना सिर्फ 15 एमआरआई हो सकेंगी। पहली वजह 60 फीसदी फैकल्टी की कमी है। रेडियोडायग्नोसिस विभाग में 10 के बजाय चार फैकल्टी रह गए हैं। फैकल्टी की बड़ी कमी का असर मरीजों की जांच संबंधी सेवाओं पर पड़ने लगा है।

रेडियोडायग्नोसिस विभाग के अध्यक्ष की ओर से मेडिकल सुपरिंटेंडेंट को भेजे गए पत्र में बताया गया है कि एक फैकल्टी सदस्य के 28 अक्तूबर से विभाग छोड़ने के बाद कार्यरत फैकल्टी की संख्या घटकर चार रह गई है। यह स्वीकृत पदों के मुकाबले 60 फीसदी की कमी है। कम संख्या में फैकल्टी के साथ सभी जांच सेवाओं को पहले की तरह संचालित करना मुश्किल हो रहा है।

नई व्यवस्था के तहत नियमित एमआरआई जांच सुबह आठ बजे से दोपहर तीन बजे तक ही होंगी। एमआरआई और सीटी स्कैन में प्रतिदिन अधिकतम 15-15 जांच की जाएगी। इनमें भर्ती मरीजों और चिकित्सकीय रूप से जरूरी मामलों को प्राथमिकता मिलेगी। इस संबंध में प्राचार्य प्रो. अंजुम परवेज ने बताया कि विभाग में फैकल्टी की कमी है। जांच की संख्या पहले जैसी बनी रहे, इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

एमआरआई सुविधा को लेकर आरडीए ने उठाए सवाल

जेएन मेडिकल कॉलेज में एमआरआई जांच की सुविधा को लेकर आरडीए ने चिंता जताई है। रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने एएमयू की कुलपति प्रो. नईमा खातून को पत्र भेजकर एमआरआई सुविधा तत्काल बहाल कराने और निर्बाध संचालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. अख्तर अली ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में एमआरआई जांच उपलब्ध नहीं होने से मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि कैंसर जैसे गंभीर रोगों से पीड़ित मरीजों को भी जांच के लिए तीन से चार महीने बाद की तारीख दी जा रही है। आरडीए की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि एमआरआई कैंसर, न्यूरोलॉजिकल और अन्य गंभीर बीमारियों के निदान एवं इलाज की दिशा तय करने के लिए महत्वपूर्ण जांच है।

उन्होंने डेंटल कॉलेज की व्यवस्थाओं पर भी सवाल उठाए हैं। मरीजों से निर्धारित उपचार शुल्क लिए जाने के बावजूद बीडीएस और एमडीएस विद्यार्थियों के क्लीनिकल प्रशिक्षण के लिए जरूरी डेंटल सामग्री और उपकरण उपलब्ध नहीं हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X