अंबेडकरनगर। अशरफपुर किछौछा स्थित सूफी संत सुल्तान सैयद मखदूम अशरफ की दरगाह पर रविवार शाम दीपावली के अवसर पर दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसमें सभी समुदायों के लोग मिलकर दीप जलाएंगे और देश में अमन-चैन व खुशहाली की दुआ मांगेंगे। रौजे से नीर शरीफ के तट तक दीपों से दरगाह परिसर जगमगाएगा।
इस मौके पर विभिन्न प्रांतों से पहुंचे जायरीन मजार शरीफ पर चादरपोशी और जियारत करेंगे। दरगाह से जुड़े समाजसेवी सैयद शाह नूरुद्दीन अशरफ ने बताया कि आयोजन आपसी प्रेम और भाईचारे का संदेश देता है। दीपोत्सव के साथ ही 40 दिवसीय अगहनिया मेले की शुरुआत होगी। अगले 40 दिनों तक जायरीनों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहेगा। थानाध्यक्ष अरविंद कुमार पांडेय ने बताया कि सुरक्षा और शांति व्यवस्था के लिए पुलिस जरूरी इंतजाम करेगी।