शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:जमीन के विवाद में शोरूम के उद्घाटन पर हंगामा, कारोबारी ने खुद पर उड़ेला पेट्रोल – Uproar At Showroom Inauguration Amid Land Dispute; Businessman Pours Petrol On Himself

November 11, 2026


अमरोहा। शहर के आजाद रोड स्थित विवादित जमीन पर शोरूम के उद्घाटन को लेकर बुधवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। विरोध करने पहुंचे कारोबारी ने खुद पर पेट्रोल उड़ेल लिया। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। हालांकि पुलिसकर्मियों ने तत्काल उसे पकड़ लिया और बड़ा हादसा होने से बच गया। सूचना पर पहुंचे एसडीएम और सीओ ने दोनों पक्षों को जमीन से संबंधित दस्तावेजों के साथ बुलाया है।

मामला शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बगला निवासी शाहिद अली और मोहल्ला दानिशमंदान निवासी असद अली के बीच चल रहे विवाद से जुड़ा है। दोनों पक्ष आजाद रोड स्थित एक जमीन पर अपना दावा कर रहे हैं। मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। शाहिद अली का आरोप है कि दूसरा पक्ष विवादित जमीन पर नक्शा स्वीकृत कराने का प्रयास कर रहा था। इस संबंध में उन्होंने 29 अक्तूबर को एसडीएम सदर कार्यालय में शिकायत भी की थी।

बुधवार को इसी जमीन पर शोरूम का उद्घाटन होने की जानकारी मिलने पर शाहिद अली परिवार के लोगों के साथ पहुंच गए और विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो शाहिद अली ने पेट्रोल से भरी बोतल खुद पर उड़ेल ली। पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें पकड़कर रोक लिया।

शाहिद अली ने प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों से न्याय दिलाने की गुहार लगाई है। वहीं, एसडीएम और सीओ ने दोनों पक्षों को जमीन के दस्तावेजों के साथ अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया है। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों को जमीन से संबंधित दस्तावेज लेकर बुलाया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X