Auraiya News:हवलदार के घर चोरी के मामले में करीबियों पर पुलिस का शक – Police Suspect Acquaintances In The Case Of A Theft At A Havildar’s House
एरवाकटरा। थाना क्षेत्र के लज्जानगर गांव में सेना में तैनात हवलदार जितेंद्र कुमार शाक्य के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस को उनके करीबियों पर शक है। पुलिस इसी दिशा में जांच कर रही है। इसके अलावा घटना के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला है।
गांव लज्जानगर निवासी हवलदार जितेंद्र कुमार के घर बृहस्पतिवार को चोरी की घटना हुई थी। घटना के समय उनकी पत्नी सुनीता देवी बड़े बेटे गुलशन को दवा दिलाने बिधूना गई थीं। करीब एक घंटे बाद लौटने पर घर के कमरे में रखी अलमारी का लॉकर टूटा मिला था। पीड़िता के अनुसार, चोर सोने के दो हार, पांच अंगूठियां, झुमकी, दो जोड़ी झाले, दो चेन और 53 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। उन्होंने चोरी गए सामान की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई थी।वहीं कमरे में रखे लैपटॉप सहित अन्य कीमती सामान को देख पुलिस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
