Azamgarh News:नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ छठ महापर्व, घाटों पर बढ़ी चहल-पहल – Chhath Festival Begins With Nahay-khaay, Hustle And Bustle On The Ghats
लोक आस्था और सूर्योपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। ग्रामीणांचल में पर्व को लेकर उत्साह है। व्रती महिलाओं ने स्नान और घरों की साफ-सफाई के बाद शुद्धता के साथ कद्दू की सब्जी, चने की दाल और अरवा चावल का प्रसाद ग्रहण कर अनुष्ठान शुरू किया।
रानी की सराय के रानी पोखरा, दिलौरी पोखरा, ईश्वरपुर पोखरा, ऊंची गोदाम, महमूदपुर और कोटिला सहित विभिन्न स्थानों पर छठ घाटों की सफाई शुरू हो गई है। आवक स्थित अवंतिकापुरी धाम में भी घाटों को व्यवस्थित किया जा रहा है।
श्रद्धालु बेदी बनाने के लिए अपने स्थान चिह्नित करने में जुटे हैं। वहीं, फूलपुर के कुंवर नदी तट पर सौ से अधिक वेदियां बनाई गई हैं। अतरौलिया के पूर्वी और पश्चिमी पोखरे सहित अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में भी तैयारियां तेज हैं।
पल्हना, लालगंज, मेजवां और आसपास के गांवों में भी व्रती महिलाएं अनुष्ठान की तैयारियों में जुटी हैं। शनिवार को खरना के बाद रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा।
खरना के दिन व्रती गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करेंगी। इसके बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा। पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। फल, गन्ना, नारियल, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ जुट रही है।
मिट्टी के चूल्हे और नए बर्तनों की मांग भी बढ़ी है। फलों के दाम में तेजी के बावजूद खरीदारी जारी है। घरों में छठ गीत गूंज रहे हैं और श्रद्धालु प्रसाद व पूजन सामग्री की व्यवस्था में लगे हैं। छठ पर्व में सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना की जाती है।
