रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bahraich News:समाधान दिवस में भूमि व राजस्व विवादों की भरमार – Land And Revenue Disputes Dominate Samadhan Diwas
बहराइच

Bahraich News:समाधान दिवस में भूमि व राजस्व विवादों की भरमार – Land And Revenue Disputes Dominate Samadhan Diwas

November 15, 2026


बहराइच। जिले के थानों में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस में जमीन और राजस्व संबंधी शिकायतों की भरमार रही। फरियादियों ने चकरोड पर कब्जे, जमीन की पैमाइश और मेड़ विवाद की शिकायतें दर्ज कराईं। अधिकारियों ने जांच कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए, लेकिन कई मामलों में मौके पर राहत नहीं मिल सकी।

मोतीपुर थाने में जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने राजस्व विभाग की टीम के साथ शिकायतें सुनीं। उन्होंने निर्देश दिया कि उच्चाधिकारी स्तर पर निस्तारित होने वाले मामलों की आख्या और जरूरी अभिलेख तत्काल संबंधित अधिकारी को भेजे जाएं, ताकि फरियादियों को अनावश्यक चक्कर न लगाने पड़ें।

इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी मिहींपुरवा अमित प्रताप सिंह और राजस्व विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

पयागपुर थाने में तहसीलदार अंबिका चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 12 फरियादी पहुंचे। इनमें से तीन की शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि ज्यादातर मामले राजस्व विभाग से संबंधित थे। शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई हैं।

वहीं, फखरपुर थाने में 15 शिकायतें पहुंचीं, लेकिन एक का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। थानाध्यक्ष रामकुमार राजभर ने बताया कि सभी शिकायतें पुराने और जमीन संबंधी विवादों से जुड़ी थीं। जांच और निस्तारण के लिए इन्हें लेखपाल व राजस्व निरीक्षक को सौंपा गया है। जिले के अन्य थानों में भी समाधान दिवस आयोजित कर शिकायतें सुनी गईं।

————–

चकरोड पर कब्जे की शिकायत

मिहींपुरवा के मटेही गांव निवासी कृपाराम ने चकरोड पर कब्जे की शिकायत की। जिलाधिकारी ने टीम गठित कर जांच कराने और समस्या का निस्तारण करने के निर्देश दिए।

…………..

मेड़ विवाद में पैमाइश का इंतजार

फखरपुर के पंडितपुरवा निवासी रामदयाल ने मेड़ विवाद की शिकायत की। उनकी शिकायत राजस्व टीम को सौंपी गई। थाना प्रभारी ने बताया कि पैमाइश कराकर विवाद का निस्तारण कराया जाएगा।

…………..

सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे से परेशानी

खुटेहना गांव निवासी राजाराम ने पयागपुर थाने में सार्वजनिक रास्ते पर कब्जे की शिकायत कर उसे कब्जामुक्त कराने की मांग की। तहसीलदार ने राजस्व और पुलिस टीम को समस्या का निस्तारण कराने की जिम्मेदारी सौंपी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X