शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बहराइच

Bahraich News:हाथियों ने रौंदी हल्दी की फसल, फेंसिंग तोड़ी – Elephants Trampled The Turmeric Crop And Broke The Fencing

November 2, 2026


बिछिया। कतर्नियाघाट रेंज के सदर बीट में शनिवार देर रात हाथियों के झुंड ने उत्पात मचाया। सड़क किनारे लगी वन विभाग की चेनलिंक फेंसिंग तोड़ दी। टेढ़िया नई बस्ती व कैलाशपुरी क्षेत्र में भी फेंसिंग क्षतिग्रस्त कर दी। कैलाशनगर गांव में एक किसान की हल्दी की फसल रौंद डाली। हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है। फसलों को नुकसान पहुंचने से किसानों को आर्थिक क्षति उठानी पड़ रही है।

वन विभाग ने कतर्नियाघाट वन्यजीव प्रभाग में जंगली जानवरों को सड़क पर आने से रोकने के लिए कई स्थानों पर सड़क के दोनों किनारों पर फेंसिंग लगवाई है। इसके बावजूद कई दिनों से हाथियों का झुंड अलग-अलग स्थानों पर फेंसिंग तोड़ने के साथ खेतों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचा रहा है।

शनिवार रात घटना की जानकारी मिलने पर गजमित्र हरिश्चंद्र अपनी टीम और स्थानीय ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने हाथियों को खदेड़ने का प्रयास किया और वन विभाग को सूचना दी।

रेंजर आशीष गौड़ ने बताया कि वन विभाग की टीम गजमित्रों के साथ मिलकर ग्रामीणों को सतर्क कर रही है। ग्रामीणों को सावधानी बरतने और समूह में खेतों की ओर जाने की सलाह दी गई है। ग्रामीणों ने हाथियों से फसलों की सुरक्षा के लिए स्थायी समाधान की जरूरत बताई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X