Ballia News:बलिया पुलिस ने जीती अंतरजनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता की ट्रॉफी – Ballia Police Won The Trophy For The Inter-district Cricket Tournament
बलिया। बलिया पुलिस की क्रिकेट टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए वाराणसी जोन की 27वीं अंतरजनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता-2026 का खिताब अपने नाम कर लिया। पांच नवंबर को गाजीपुर पुलिस लाइन के क्रिकेट मैदान पर खेले गए फाइनल मुकाबले में बलिया ने मेजबान गाजीपुर की टीम को तीन विकेट से शिकस्त देकर चल वैजयंती शील्ड पर कब्जा जमाया। खास बात यह रही कि बलिया की टीम पूरे टूर्नामेंट में अजेय रही।
प्रतियोगिता का आयोजन तीन से पांच नवंबर तक किया गया। इसमें वाराणसी जोन के सभी 10 जनपदों गाजीपुर, वाराणसी, आजमगढ़, जौनपुर, मऊ, बलिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही और चंदौली की टीमों ने हिस्सा लिया। बलिया की टीम ने सेमीफाइनल में आजमगढ़ को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई थी।
आखिरी ओवर से पहले ही बलिया ने हासिल किया लक्ष्य
फाइनल मुकाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गाजीपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 141 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बलिया की टीम ने 19.2 ओवर में सात विकेट खोकर 142 रन बनाते हुए तीन विकेट से जीत दर्ज कर ली। बलिया की ओर से उपकप्तान प्रदीप यादव ने 36 गेंदों पर 43 रन की शानदार पारी खेली। कप्तान आकाश रावत ने 17 गेंदों पर 21 रन बनाए, जबकि दिनेश कुमार ने महज 10 गेंदों पर नाबाद 19 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। गेंदबाजी में भी दिनेश ने कमाल दिखाते हुए चार ओवर में 29 रन देकर तीन विकेट झटके। शानदार प्रदर्शन के लिए प्रदीप यादव को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
आजमगढ़ के विकास यादव बने मैन ऑफ द सीरीज
पूरी प्रतियोगिता में बेहतरीन ऑलराउंड प्रदर्शन करने वाले आजमगढ़ के विकास यादव को मैन ऑफ द सीरीज और सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार दिया गया। उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 138 रन बनाए। वहीं, फाइनल मुकाबले में गाजीपुर की ओर से अरुण कुमार ने चार ओवर में 20 रन देकर दो विकेट हासिल किए।
एसपी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन समारोह में सभी टीमों ने मार्च पास्ट किया। इसके बाद गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने विजेता और अन्य प्रतिभागी खिलाड़ियों को पुरस्कार एवं पदक देकर सम्मानित किया। बलिया पुलिस की इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने पूरी टीम को बधाई दी और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
