Banda News:किसान की हत्या में दोषी पिता और तीन बेटों को उम्रकैद – Father And Three Sons Convicted Of Murdering Farmer Get Life Imprisonmentfather And Three Sons Convicted Of Murdering Farmer Get Life Imprisonment
बांदा। गिरवां थाना क्षेत्र के बंडे गांव में मेड़ के विवाद में हुई जुगलकिशोर कुशवाहा की हत्या में अदालत ने दोषी पिता और उसके तीन बेटों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
स्पेशल जज डकैती गगन कुमार भारती की अदालत ने चारों दोषियों पर 13-13 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है। गिरवां थाना क्षेत्र के बंडे गांव निवासी केसरिया ने 18 जून 2023 को गिरवां थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आरोप था कि मेड़ के विवाद में गांव के रामकिशोर कुशवाहा और उसके तीन बेटों कुंजीलाल, बिहारीलाल और अमर सिंह ने पति जुगलकिशोर के सिर पर बांका से वार किया था। बीचबचाव पर भाइयों राजकिशोर और राजा के साथ भी मारपीट की।
उपचार के दौरान 24 जून 2023 को हैलट अस्पताल कानपुर में उनकी मौत हो गई। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया था। विवेचना के बाद आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया गया।
मामले की सुनवाई स्पेशल जज डकैती गगन कुमार भारती की अदालत में हुई। अदालत ने माना कि सभी आरोपियों ने एकराय होकर जुगलकिशोर पर हमला किया था।
वहीं बचाव पक्ष ने आरोपियों को परिवार का जिम्मेदार बताते हुए कहा कि उनके ऊपर परिवार के सदस्य आश्रित हैं। वे आदतन अपराधी नहीं हैं। बृहस्पतिवार को सुनवाई के बाद अदालत ने चारों को दोषी करार दिया था। सजा के बिंदु पर सुनवाई के लिए शुक्रवार की तारीख तय की गई थी।
शुक्रवार को अदालत ने रामकिशोर कुशवाहा और उसके तीनों बेटों कुंजीलाल, बिहारीलाल और अमर सिंह को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही प्रत्येक दोषी पर 13-13 हजार रुपये का जुर्माना लगाया। चारों पर कुल 52 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया गया है।
