Barabanki News:उत्तराखंड के शैक्षिक भ्रमण पर रवाना हुए विद्यार्थी – Students Set Off On An Educational Trip To Uttarakhand
बाराबंकी। समग्र शिक्षा अभियान की पीएम श्री योजना के तहत जिले के सात विद्यालयों के 280 छात्र-छात्राएं बृहस्पतिवार शाम उत्तराखंड के पांच दिवसीय शैक्षिक भ्रमण पर रवाना हो गए।
यात्रा को यादगार और सुरक्षित बनाने के लिए माध्यमिक शिक्षा विभाग ने विशेष इंतजाम किए हैं। पहाड़ों की ठंड से बचाव के लिए विभाग की ओर से सभी बच्चों को ब्लेजर और पहचान पत्र उपलब्ध कराए गए हैं। प्रत्येक पीएम श्री स्कूल से 40-40 मेधावियों का चयन इस टूर के लिए किया गया है। आरामदायक सफर के लिए लखनऊ से सात वातानुकूलित बसें बुलाई गई हैं। यह बसें संबंधित विद्यालयों से बच्चों को लेकर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय पहुंचीं। यहीं से जिला विद्यालय निरीक्षक अमिता सिंह ने रात करीब 11 बजे काफिले को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हर बस में विद्यार्थियों की देखरेख और अनुशासन के लिए एक प्रभारी व एक सह प्रभारी शिक्षक मौजूद हैं।
…………………………………………….
इन स्कूलों के बच्चे हुए शामिल
भ्रमण दल में राजकीय इंटर कॉलेज बाराबंकी, जीजीआईसी बाराबंकी, जीजीआईसी जैदपुर, जीजीआईसी बरौली जाटा, जीआईसी सूरतगंज, जीजीआईसी फतेहपुर और जीजीआईसी हैदरगढ़ के छात्र-छात्राएं शामिल हैं।
………………………………………………………
इन संस्थानों का करेंगे दीदार
विद्यार्थी पांच दिनों के भ्रमण के दौरान देश के शीर्ष संस्थान आईआईटी रुड़की में तकनीकी नवाचार, देहरादून स्थित वन अनुसंधान केंद्र में पर्यावरण संरक्षण व जैव विविधता और हरिद्वार के पतंजलि योगपीठ में योग व आयुर्वेद की बारीकियां समझेंगे।
