शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भिवानी

Bhiwani News:सेकेंडरी शैक्षिक और मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा परिणाम घोषित, हिसार अव्वल, सोनीपत फिसड्डी – Secondary Education And Open School Supplementary Exam Results Announced, Hisar Tops, Sonipat At The Bottom

November 6, 2026


भिवानी। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने शुक्रवार को सेकेंडरी (शैक्षिक) और मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया। सितंबर-अक्तूबर में आयोजित की गई परीक्षाओं में शैक्षिक का परिणाम 66.16 और मुक्त विद्यालय परीक्षा का 47.74 प्रतिशत रहा है।

शैक्षिक परीक्षा में हिसार 87.19 प्रतिशत परिणाम के साथ प्रदेश में पहले जबकि सोनीपत 38.18 प्रतिशत के साथ सबसे निचले पायदान पर रहा। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. शंकरलाल धूपड़ ने बताया कि सेकेंडरी (शैक्षिक) पूरक परीक्षा में 7908 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इनमें से 5232 पास हुए हैं। वहीं 2431 परीक्षार्थियों की कंपार्टमेंट और 245 की एसेंशियल रिपीट घोषित की है।

परीक्षा में प्रविष्ट 4845 छात्रों में से 3192 पास हुए हैं। इस लिहाज से उत्तीर्ण प्रतिशत 65.88 रहा। परीक्षा में प्रविष्ट 3063 छात्राओं में से 2040 उत्तीर्ण हुईं। इनका पास प्रतिशत 66.60 रहा।

मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा में 3536 विद्यार्थी पास : मुक्त विद्यालय पूरक परीक्षा में 7407 परीक्षार्थी प्रविष्ट हुए थे। इनमें से 3536 उत्तीर्ण हुए और 3871 विद्यार्थियों की री-अपीयर आई है। इस परीक्षा में प्रविष्ट 4473 छात्रों में से 2097 पास हुए। इनका उत्तीर्ण प्रतिशत 46.88 रहा। परीक्षा में शामिल 2934 छात्राओं में से 1439 पास हुईं। इनका पास प्रतिशत 49.05 रहा।

बोर्ड अध्यक्ष सचिव बाबूलाल करवा ने बताया कि परीक्षार्थी परिणाम घोषित होने की तिथि से 20 दिन तक उत्तरपुस्तिका की पुनः जांच या पुनर्मूल्यांकन के लिए बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट www.bseh.org.in पर ऑनलाइन कर सकते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X