शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बिजनौर

Bijnor News:नशीली गोलियों की खरीद फरोख्त में एक और मेडिकल स्टोर संचालक पकड़ा – Another Medical Store Operator Caught For Buying And Selling Narcotic Pills

November 1, 2026


बिजनौर। नशे की गोलियों के अवैध कारोबार और खरीद फरोख्त में पुलिस ने एक और मेडिकल स्टोर संचालक को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। छह से अधिक मेडिकल स्टोर संचालक अभी पुलिस के रडार पर हैं।

शनिवार को हल्दौर पुलिस ने दारानगर गंज में स्थित हंस मेडिकल स्टोर के संचालक अतुल कुमार उर्फ मोनू निवासी ग्राम निजामतपुरा को गिरफ्तार कर लिया। अतुल कुमार पर भी नशे के लिए इस्तेमाल होने वाले ट्रामाडोल कैप्सूल की बिक्री और खरीद का आरोप है। बता दें कि हल्दौर पुलिस ने शुक्रवार को जौगीऔंधा निवासी हर्ष ढाका, मारुफपुर निवासी रितिक कुमार, चांदपुर निवासी सहैल और पीपली जट निवासी आयान को गिरफ्तार किया था। इनके पास से एक लाख से अधिक ट्रामाडोल कैप्सूल, नींद की गोलियां, 30 कोडिन सिरप और करीब चौदह लाख रुपये बरामद किए गए थे। इन आरोपियों के पूछताछ के आधार पर हल्दौर पुलिस ने पांचवें आरोपी अतुल कुमार को भी दबोच लिया।

शुक्रवार को पकड़े गए आरोपी हर्ष ढाका का हीमपुर दीपा में शिव मेडिकल स्टोर है। यह मेडिकल स्टोर थाने से महज सौ मीटर दूर है। ताज्जुब की बात यह है कि थाना हीमपुर दीपा की पुलिस अपने नजदीक के मेडिकल स्टोर पर बिक रही नशे की दवाइयों को नहीं पकड़ सकी। यह भी चर्चा है शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए एक आरोपी के पिता ने बेटे की गुमशुदगी दर्ज कराने का प्रयास हीमपुर दीपा थाने में किया था।

गिरफ्तारी के बाद भी खुला रहा मेडिकल स्टोर

शुक्रवार को गिरफ्तार किए गए आरोपी हर्ष ढाका का मेडिकल स्टोर शनिवार को भी खुला रहा। इस पर कर्मचारी मौजूद थे। मेडिकल स्टोर संचालक के गिरफ्तार होने के बाद औषधि निरीक्षक ने जांच करना भी गवारा नहीं समझा। सूत्रों का दावा है कि हीमपुर दीपा में ही एक और मेडिकल स्टोर पर नशे की गोलियां बेची जाती हैं।

नशे की गोलियों के अवैध कारोबार में एक और आरोपी पकड़ा गया है, जिसका गंज में मेडिकल स्टोर है। पांच आरोपी पकड़े जा चुके हैं। अभी पांच से छह संदिग्धों की तलाश की जा रही है। …अभय कुमार पांडेय, सीओ सिटी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X