Charkhi Dadri News:जिले में दिवाली की रात 462 तक पहुंचा एक्यूआई, स्मॉग की चादर में लिपटा रहा शहर – In The District, The Aqi Reached 462 On The Night Of Diwali, With The City Remaining Shrouded In A Blanket Of Smog
चरखी दादरी। दिवाली पर आतिशबाजी के बाद दादरी शहर की हवा जहरीली हो गई। रात होते ही वायु गुणवत्ता में तेजी से गिरावट दर्ज की गई और शहर गैस चैंबर में तब्दील हो गया। प्रदूषण का स्तर इतना बढ़ गया कि दिवाली की रात 11 बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक 462 तक पहुंच गया। इसके चलते सुबह तक शहर और आसपास के इलाके स्मॉग की घनी चादर में लिपटे रहे। सुबह के समय दृश्यता घटकर करीब 200 मीटर तक रह गई। वहीं सोमवार को देश में 389 एक्यूआई के साथ दूसरा सबसे ज्यादा प्रदूषित जिला रहा
आतिशबाजी के बाद बढ़ा प्रदूषण
आंकड़ों के अनुसार दिवाली से पहले जिले में शनिवार को एक्यूआई 262 अंक दर्ज किया गया था लेकिन दिवाली के बाद इसमें 138 अंकों की बढ़ोतरी के साथ यह 396 तक पहुंच गया। वहीं दिवाली की रात आतिशबाजी के बाद प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ता रहा। रात 10 बजे के बाद एक्यूआई 399 दर्ज किया गया जबकि रात 11 बजे यह बढ़कर 462 तक पहुंच गया। रात 12 बजे भी प्रदूषण का स्तर 454 अंक रहा।
ग्रैप-3 की पाबंदियां भी नहीं रोक पाईं प्रदूषण
दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए जिले में पहले ही ग्रैप-3 की पाबंदियां लागू की जा चुकी हैं। इसके तहत प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों पर रोक लगाने के साथ क्रशर जोन और निर्माण कार्यों को लेकर भी सख्ती की गई है। इसके बावजूद दिवाली की रात आतिशबाजी के चलते प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी तक पहुंच गया। प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए पहले से प्रतिबंध लागू होने के बाद भी हवा में जहर घुल गया।
जानिए…कैसे बढ़ा वायु प्रदूषण
रात 8 बजे 272
रात 10 बजे 399
रात 11 बजे 462
रात 12 बजे 454
रात दो बजे 325
सुबह 11 बजे 413
शाम 5 बजे 389
नोट: ये आंकड़े रविवार रात से सोमवार दोपहर के बीच के हैं।
दोपहर बाद मौसम में बदलाव
दिवाली की रात से सुबह तक शहर के आसमान में स्मॉग की मोटी परत छाई रही। सुबह के समय इसका असर सड़कों और रिहायशी क्षेत्रों में साफ दिखाई दिया। दृश्यता कम होने से वाहन चालकों को सावधानी बरतनी पड़ी। वहीं प्रदूषण के कारण सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और गले में खराश जैसी समस्याओं की आशंका भी बढ़ गई।
सांस के मरीजों को घरों से बाहर निकलने में विशेष परेशानी हुई। हालांकि दोपहर करीब एक बजे के बाद तापमान बढ़ने के साथ ही मौसम में बदलाव आया और स्मॉग की चादर धीरे-धीरे छंटने लगी। इससे दृश्यता में सुधार हुआ और लोगों को कुछ राहत मिली।
वर्जन
सर्दियों में हवा संघनित हो जाती है और दिवाली पर की गई आतिशबाजी से निकला धुआं वातावरण में कैद हो जाता है। इस बार तापमान ज्यादा रहा और हवाएं चलने से प्रदूषण साफ हो गया। आगे ठंड बढ़ने के साथ ही प्रदूषण बढ़ेगा। इसलिए ग्रैप के नियमों पालना काफी जरूरी है। – डॉ. प्रो. हेमलता, अध्यक्ष, भूगोल विभाग, जनता कॉलेज।
