Chitrakoot News:डीजल अनियमितता में तीन लिपिकों और स्टेशन प्रभारियों को जारी होंगे आरोप पत्र – Charge Sheets To Be Issued To Three Clerks And Station In-charges In Connection With Diesel Irregularities
बांदा। रोडवेज डिपो में 14 हजार लीटर डीजल की अनियमितता के मामले में जांच रिपोर्ट मिलने के बाद अब कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है।
जांच में दोषी पाए गए तीन डीजल लिपिकों और स्टेशन प्रभारियों को आरोप पत्र जारी किए जाएंगे। जवाब मिलने के बाद उनके खिलाफ अंतिम निर्णय लिया जाएगा। आरएम चित्रकूटधाम मंडल रामलवट ने इसकी पुष्टि की है।
आठ जुलाई को 14 हजार लीटर डीजल लेकर टैंकर बांदा डिपो पहुंचा था। डिपो के टैंक में जगह नहीं होने के कारण टैंकर उसी दिन खाली नहीं हो सका, लेकिन अभिलेखों में आठ जुलाई को ही डीजल खाली होना दर्ज कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, टैंकर अगले दिन खाली कराया गया था। इस विसंगति के बाद 17 जुलाई को डीजल सेक्शन के वरिष्ठ लिपिक अनिल साहू ने आरएम से डीजल में हेराफेरी की शिकायत की थी।
मामले की जांच के दौरान अभिलेखों में डीजल की आमद दर्ज करने की प्रक्रिया में अनियमितता सामने आई। मामले में डीजल लिपिक अनिल शुक्ला, अनिल साहू और सुधीर सिंह को निलंबित किया गया था। वरिष्ठ स्टेशन प्रभारी सुशीला सचान और स्टेशन प्रभारी आरके वर्मा पर भी निलंबन की कार्रवाई हुई थी। बाद में दोनों स्टेशन प्रभारियों को बहाल कर दिया गया।
एआरएम हमीरपुर आरके साहू की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने चार नवंबर को रिपोर्ट सौंप दी थी। अब जांच रिपोर्ट के आधार पर तीनों निलंबित डीजल लिपिकों और स्टेशन प्रभारियों को आरोप पत्र जारी कर जवाब मांगा जाएगा।
डिपो पहुंचे आरएम, डीजल की निगरानी बढ़ाई
रविवार को डिपो में डीजल लेकर टैंकर पहुंचा तो आरएम रामलवट, एआरएम देशराज और स्टेशन प्रभारी आरके वर्मा ने डिपो से आने-जाने वाली बसों और उनके ड्यूटी चार्ट की भी जानकारी ली। पूरे प्रकरण के बाद डीजल की आमद और खपत की निगरानी बढ़ा दी गई है। इस दौरान कुछ महिला परिचालकों ने ड्यूटी नहीं मिलने की शिकायत की। आरएम ने तत्काल उन्हें बसों पर ड्यूटी देने के निर्देश दिए। साथ ही सभी बसों की जांच करने के बाद ही उन्हें रूट पर भेजने को कहा।
