Farrukhabad News:दिव्यांग बोर्ड, वीआईपी ड्यूटी व अवकाश के फेर में फंसे मरीज – Patients Caught In The Maze Of Disability Boards, Vip Duty, And Leave-related Delays
फर्रुखाबाद। रविवार के अवकाश के बाद सोमवार को खुली लोहिया अस्पताल की ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे मरीज डॉक्टरों के दिव्यांग बोर्ड, वीआईपी ड्यूटी और अवकाश पर जाने से भटकने को मजबूर हो गए। ओपीडी में मात्र चार डॉक्टर ही इलाज करते दिखे। जबकि मुख्य बीमारियों में शामिल आर्थो, ईएनटी और कार्डियोलॉजी के डॉक्टर न मिलने से दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
लोहिया अस्पताल की ओपीडी में सोमवार दोपहर तक 729 मरीज पहुंचे। पंजीकरण और पर्चा काउंटर पर धक्का मुक्की के बाद गार्डों को व्यवस्था संभालनी पड़ी। दिव्यांग बोर्ड, वीआईपी ड्यूटी, अवकाश के चलते अस्पताल में कई मुख्य बीमारियों के डॉक्टर नदारद मिले। लिहाजा फिजीशियन के मरीजों को डॉ. प्रवीन कुमार, बच्चों को डॉ. अनूप दीक्षित के अलावा डॉ. अभय श्रीवास्तव ने मरीजों को देखा। सर्जन डॉ. रोहित तिवारी भी देरी से अपने कमरे में पहुंचे। इससे मरीजों की खासी भीड़ जमा हो गई। सीएमएस डॉ. जगमोहन शर्मा ने बताया कि वीआईपी, दिव्यांग बोर्ड और आवश्यक कार्य के चलते डॉक्टरों को जाना पड़ा। फिर भी जो डॉक्टर उपलब्ध थे, उन्होंने सभी को दवाएं दीं।
19 दिन बाद ड्यूटी पर पहुंचे पूर्व सैनिक गार्ड
तीन माह का मानदेय न मिलने से परेशान होकर लोहिया समेत जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में तैनात पूर्व सैनिक गार्ड 13 अक्तूबर को हड़ताल पर चले गए थे। इससे अस्पतालों में समस्याओं खड़ी होने लगीं। तीन माह का मानदेय खातों में आने के बाद पूर्व सैनिक एक नवंबर से ड्यूटी पर पहुंच गए। इससे लोहिया अस्पताल समेत सभी स्थानों पर व्यवस्थाओं में सुधार आया।
