Ghaziabad News:खबर प्रकाशित हुई तो निगम ने की सफाई… हटाए मृत मवेशी – Following The Publication Of The Report, The Municipal Corporation Took Action Removing The Dead Cattle
साहिबाबाद। हिंडन में गंदगी और किनारे पड़े मरे मवेशियों को निगम की टीम ने शुक्रवार को हटावा दिया। अमर उजाला ने हिंडन में गंदगी को लेकर 13 नवंबर के अंक में सफाई के दावे हवा, हिंडन का आंचल गवाह नामक शीर्षक से खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। खबर प्रकाशित होने के बाद नगर निगम ने इसकी सुध ली और सुबह ही हिंडन से मवेशियों के शव हटाकर यहां साफ-सफाई कराई गई। नदी में गंगाजल का स्तर बीते 24 घंटे से लगातार बढ़ रहा है, इससे सतह पर तैर रहे जलकुंभी भी पानी के बहाव में आगे बढ़ गए।दरअसल, छह की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के दावे पूरे नहीं हुए और हिंडन नदी में गंदगी के साथ मवेशियों के शव बहते दिखे। खबर प्रकाशित होने के बाद अधिकारियों ने सुध ली और साफ-सफाई कराई। उधर, श्रद्धालुओं के लिए निगम ने घाट किनारे स्वच्छ पानी की लाइन बिछाकर50 से 100 मीटर की दूरी पर टोंटी लगाई जाएंगी। घाट किनारे पानी के टैंकर भी खड़े किए जाएंगे, इसके साथ ही घाट पर महिलाओं के लिए चेंजिग रूम बनाया जा रहा है। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि सांध्य अर्घ्य से पूर्व घाट पर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कर ली जाएंगी। घाट पर लेजर शो भी चलाया जाएगा और रंग-बिरंगी लाइटों से घाट जगमगाएगा।
इनसेट
लोगों ने कहा निगम नहीं वह खुद ही रंगते हैं वेदी
नगर निगम की ओर से हिंडन छठ घाट समेत शहर के अस्थायी 79 घाटों पर व्यवस्था दुरुस्त की जा रही है। अस्थायी घाटों पर वेदियों की रंगाई पुताई और घाट पर टाइल्स लगाए जाने का काम चल रहा है। वहीं हिंडन घाट पर वेदी को सजा रहे श्रद्धालुओं ने बताया कि वह लोग प्रत्येक वर्ष वेदी को स्वयं ही रंगते हैं।
नगर निगम की ओर से एक दिन पहले ही यहां साफ-सफाई का काम शुरू किया गया है, इससे पूर्व हम लोग अपने घाटों की सफाई कर चुके थे। वेदी की रंगाई भी स्वयं ही करते हैं। अखबार में छपा तो नगर निगम ने यहां से मृत पशुओं को हटाया है।
हमारे एक महोल्ले का एक वेदी होता है, जिसे खुद ही दिवाली के बाद से यहां आकर बनाना शुरू कर देते हैं। वेदी का रंग-रोगन से यहां सजावट हम लोग स्वयं करते हैं। निगम की ओर से कभी वेदी की रंगाई-पुताई नहीं की गई।- प्रमोद कुमार
मैं 13 वर्ष से हिंडन छठ घाट पर पूजा करती आ रही हूं, कभी नहीं देखा कि वेदी को रंगने का काम नगर निगम ने किया है। बहुत से लोगों ने यहां वेदी बनाई है लेकिन जिन्होंने नहीं रंगा उनका ऐसे ही है, जबकि हम लोग स्वयं से अपनी वेदी का रंग-रोगन कर रहे हैं।
