लोनी। लोनी और ट्रोनिका सिटी थाना पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से बागपत और दिल्ली के शाहदरा इलाके से चोरी की गई दो बाइक बरामद की हैं।
एसीपी लोनी रामकिशन ने बताया कि शनिवार को लोनी पुलिस निठोरा अंडरपास के पास वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार एक युवक पुलिस को देखकर वापस मुड़कर भागने लगा। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। जांच में बाइक बागपत के बड़ौत थाना क्षेत्र से चोरी होने की पुष्टि हुई। आरोपी की पहचान अशोक विहार निवासी आसिफ के रूप में हुई। वहीं, ट्रोनिका सिटी पुलिस ने करावल नगर दिल्ली निवासी अमन वर्मा को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया। यह बाइक करीब एक महीने पहले दिल्ली के शाहदरा इलाके से चोरी की गई थी। एसीपी के मुताबिक, आसिफ के खिलाफ बड़ौत और अमन के खिलाफ शाहदरा थाने में वाहन चोरी का रिपोर्ट दर्ज है।