Hamirpur (himachal) News:आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं में शुरू होंगी चार नई उपचार प्रक्रियाएं – Four New Treatment Procedures To Be Introduced At The Ayurvedic Hospital In Manvi
50 रुपये शुल्क निर्धारित, रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया निर्णय
संवाद न्यूज एजेंसी
भोरंज (हमीरपुर)। उपमंडल भोरंज के श्रीरत्न मुनि जैन राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल मनवीं में आयुर्वेदिक उपचार की विशेष सुविधाएं और विभिन्न जांच प्रक्रियाएं शुरू होंगी। इन जांच प्रक्रियाओं के लिए 50 रुपये शुल्क निर्धारित किया है। यह निर्णय रोगी कल्याण समिति की बैठक में लिया गया।
बैठक एसडीएम शशिपाल शर्मा की अध्यक्षता में हुई। बैठक में अस्पताल की सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को सस्ती चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने को लेकर कई अहम फैसले लिए गए। समिति ने करीब 1.17 लाख रुपये के बजट को सर्वसम्मति से मंजूरी दी। अस्पताल में आयुर्वेदिक उपचार पद्धतियों को बढ़ावा देने के लिए कटिबस्ती, जानुबस्ती, मात्राबस्ती और अग्निकर्म जैसी विशेष उपचार प्रक्रियाएं शुरू करने का निर्णय लिया। इन प्रक्रियाओं के लिए शुल्क भी निर्धारित किए हैं। करीब 50 रुपये से इन उपचार सुविधाओं का लाभ लिया जा सकेगा।
एसडीएम शशिपाल शर्मा ने कहा कि नई उपचार प्रक्रियाएं और जांच सुविधाएं शुरू होने से मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। साथ ही अस्पताल की आय में भी वृद्धि होगी। बैठक में अस्पताल के प्रभारी एवं आरकेएस के सदस्य सचिव डॉ. कमल कौशल ने अस्पताल के आय-व्यय का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। उन्होंने विभिन्न मुद्दों और प्रस्तावों की जानकारी भी समिति के समक्ष रखी। इस अवसर पर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. तनुजा नागपाल, ग्राम पंचायत लगमनवीं के प्रधान केशव कौशल, भोरंज के सीडीपीओ सुनील कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं समिति सदस्य मौजूद रहे।
