शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
हमीरपुर

Hamirpur News:दिवारी नृत्य में बिखेरी बुंदेली संस्कृति की छटा – Displaying The Vibrant Hues Of Bundeli Culture Through The Diwari Dance

November 10, 2026


हमीरपुर/कुरारा। गोवर्धन पूजा पर बुंदेलखंड की प्राचीन लोक परंपरा मौन चारण व दिवारी नृत्य की धूम रही। मौदहा, मुस्करा, भरुआ सुमेरपुर, पौथिया, राठ व कुरारा क्षेत्र में मौनियों का जमावड़ा लगा। ढोल-नगाड़ों की थाप, मोरपंख और लाठियों के साथ युवाओं ने दिवारी नृत्य और लठमार दिवारी का शानदार प्रदर्शन किया।

भैंसापाली और खरेहटा गांव के बीच स्थित पिपरिया दाई स्थान पर पारंपरिक मौनियों का मेला लगा। दिवारी नृत्य का शुभारंभ समाजवादी पार्टी के नेता रामप्रकाश प्रजापति ने किया। यहां भैंसापाली, पाली, खरेहटा सहित एक दर्जन से अधिक गांवों के मौनियां पारंपरिक वेशभूषा में पहुंचे। सभी ने पूजा के बाद दिवारी नृत्य में हिस्सा लिया। वहीं पारा गांव के समीप मनवा बाबा के स्थान पर पारा, मलहरा, देवीगंज, जखेला और बेरी समेत कई गांवों के मौनियां एकत्रित हुए। यहां भी दिवारी नृत्य और लठमार दिवारी का आयोजन किया गया। भैंसापाली निवासी उपेंद्र कुशवाहा ने बताया कि गोवर्धन पूजा पर मौनियों के एकत्र होने और दिवारी खेलने की परंपरा सदियों पुरानी है। मौन व्रत रखकर देवस्थलों पर पूजा करने के साथ लौटते समय चींटियों को प्रसाद खिलाने की परंपरा भी निभाई जाती है। वहीं मौनियों के पुजारी शिव मनोहर तिवारी ने बताया कि मौन चारण की परंपरा लगातार 12 या 14 वर्षों तक निभाई जाती है। परंपरा पूरी होने पर वृंदावन अथवा चित्रकूट के प्रमुख मंदिरों में पूजा-अर्चना के बाद मौन व्रत का पारण किया जाता है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X