Hapur News:जमीन बेचने के नाम पर 2.70 लाख रुपये ठगने का आरोप, रिपोर्ट दर्ज – Allegation Of Swindling Rs 2.70 Lakh Under The Pretext Of Selling Land; Case Registered
सिंभावली। थाना क्षेत्र के गांव वैठ में जमीन बेचने के नाम पर 2.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गांव वैठ निवासी मोहम्मद शाहनवाज के अनुसार ताहिर, आरिफ और उनकी मां मुसरेकीन के नाम पर गांव के जंगल में खेती की भूमि है। पीड़ित का आरोप है कि ताहिर ने विवादमुक्त जमीन बताकर 15.50 लाख रुपये में सौदा तय किया था। सौदा तय होने के बाद उन्होंने अलग-अलग तारीखों में बैंक और यूपीआई के माध्यम से कुल 2.70 लाख रुपये अग्रिम धनराशि के तौर पर दिए। आरोप है कि अक्तूबर माह तक बैनामा कराने का आश्वासन दिया गया था लेकिन जानकारी करने पर पता चला कि संबंधित भूमि का मई 2025 में ही अन्य लोगों के पक्ष में रजिस्टर्ड इकरारनामा किया जा चुका था। बैनामा कराने और रुपये वापस मांगने पर आरोपियों ने कथित तौर पर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित ने एसपी से भी शिकायत की लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय में वाद दायर किया। सीओ राहुल यादव का कहना है कि न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज करा दी है। जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।
