Hapur News:दिवाली पर प्रदूषण से बिगड़े हालात, बहुत खराब श्रेणी में हवा, सांस लेने हुआ मुश्किल – Pollution Worsens Conditions During Diwali; Air Quality Falls Into The ‘very Poor’ Category, Making Breathing Difficult
हापुड़। दिवाली पर जिले की हवा की गुणवत्ता बिगड़ गई है। प्रदूषण का स्तर बढ़ने से लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 307 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। शहर में जगह-जगह कूड़ा जलने, सड़कों पर उड़ती धूल और वाहनों का दबाव बढ़ने से प्रदूषण की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। इस कारण मुख्य मार्गों से गुजरने वाले लोगों को धूल और धुएं के कारण परेशानी झेलनी पड़ रही है, जबकि जिले में ग्रैप का तीसरा चरण लागू है। इन नियमों का जिले में लगातार उल्लंघन हो रहा है।
इन दिनों वाहनों का दबाव सड़क पर बढ़ गया है। साथ ही पटाखे भी जलाए जा रहे हैं। इस कारण वातावरण में धुआं और सूक्ष्म कणों की मात्रा बढ़ गई है। वहीं, त्योहार पर भी लोगों को प्रदूषण से राहत नहीं मिल सकी है। शहर के विभिन्न इलाकों में कूड़े के ढेर में आग लगाए जाने से निकलने वाला धुआं वातावरण को और दूषित कर रहा है। इसके अलावा नियम विरुद्ध सड़कों पर निर्माण कार्य जारी हैं। वहीं, वाहनों की आवाजाही के कारण धूल उड़ रही है। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वालों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है।
वाहनों से निकलने वाला धुआं और सड़क किनारे जमा धूल हवा की गुणवत्ता को प्रभावित कर रहे हैं। कई स्थानों पर निर्माण सामग्री खुले में पड़ी होने से भी धूल उड़ रही है। इससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी महसूस हो रही है। नगर पालिका की ओर से सड़कों पर पानी का छिड़काव तक नहीं कराया जा रहा है।
मामले में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता विपुल कुमार का कहना है कि दिवाली पर वाहनों का संचालन बहुत अधिक बढ़ गया है। सड़कों पर धूल न उड़े, इसके लिए पानी का छिड़काव कराया जा रहा है। कूड़ा जलने पर कार्रवाई की जाएगी।
प्रदूषण के कारण लोग परेशान
प्रदूषण का बढ़ता स्तर बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए अधिक जोखिम पैदा कर सकता है। प्रदूषण नियंत्रण के लिए सड़कों पर नियमित पानी का छिड़काव, कूड़ा जलाने पर रोक और निर्माण स्थलों पर धूल नियंत्रण के इंतजाम जरूरी हैं।
खराब हवा से शरीर को होते हैं ये नुकसान
– सांस लेने में परेशानी और खांसी की समस्या।
– आंखों, नाक और गले में जलन।
– सांस के मरीजों को अधिक परेशानी होना।
– लंबे समय तक संपर्क में रहने से फेफड़ों की कार्यक्षमता प्रभावित होना।
– बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर बुरा असर।
आसपास के क्षेत्रों में प्रदूषण की स्थिति
क्षेत्र का नाम एक्यूआई
दिल्ली 369
नोएडा 297
गाजियाबाद 277
बुलंदशहर 283
मेरठ 245
गजरौला 382
