गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Hathras News:यूट्यूब पर सीखा चोरी से बचने का तरीका, फिर भी 24 घंटे में पकड़े गए – Learned How To Avoid Theft On Youtube, Still Got Caught Within 24 Hours
हाथरस

Hathras News:यूट्यूब पर सीखा चोरी से बचने का तरीका, फिर भी 24 घंटे में पकड़े गए – Learned How To Avoid Theft On Youtube, Still Got Caught Within 24 Hours

November 19, 2026


हाथरस। पड़ोसी दुकानदार के यहां लाखों की चोरी को अंजाम देने से पहले शातिर युवकों ने यू ट्यूब से चोरी से बचने का तरीका खोजा था। लोकल इनपुट पर जब पुलिस ने इन्हें पकड़कर मोबाइल की सर्च हिस्ट्री देखी तो शक यकीन में बदल गया।

कड़ाई से पूछताछ पर युवकों ने घटना कबूल कर कर ली। तीन युवकों को गिरफ्तार करते हुए पुलिस ने 2,07,100 रुपये व 962 ग्राम सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब पांच लाख रुपये है।

एसपी चिरंजीवनाथ सिन्हा ने प्रेस वार्ता में बताया कि जलेसर रोड स्थित गंदा नाला निवासी सोनू ने मंगलवार को सूचना दी कि चोर शटर काटकर परचून की दुकान से करीब दो लाख रुपये व जेवरात चोरी कर ले गए हैं। सोनू की घर में ही परचून की दुकान है। दुकान की अलमारी में ही वह रुपये व घर के जेवरात रखते थे।

चोरों ने शटर काटा और अलमारी का ताला तोड़कर सामान चोरी कर ले गए। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई। छानबीन में पता चला कि दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरों की हार्डडिस्क भी शातिर चुरा ले गए हैं और कैमरे क्षतिग्रस्त कर दिए हैं।

सोनू व आसपास के लोगों से पूछताछ के बाद कुछ संदिग्ध युवकों के नाम सामने आए। पुलिस ने गंदा नाला के पास ही रहने वाले रामू व विजय को गंदे नाले की पटरी से हिरासत में लिया। शुरुआती पूछताछ में दोनों ने कोई जानकारी नहीं दी, लेकिन जब रामू के मोबाइल की जांच की तो पता चला कि रामू ने सीसीटीवी कैमरे को खराब करने की जानकारी सर्च की थी। चोरी से बचने के तरीके भी खोजे थे।

कड़ाई से पूछताछ में रामू व विजय ने जुर्म कबूल कर लिया। इन दोनों के जरिये पुलिस प्रिंस निवासी मईनाथ थाना मडराक जिला अलीगढ़ तक भी पहुंच गई। चोरी का माल तीनों ने बांट लिया था। पूरा माल बरामद होने पर पीड़ित व उसके परिवार ने राहत की सांस ली है। इधर, एसपी ने बताया कि खुलासा करने वाली टीम को 25 हजार रुपये से पुरस्कृत किया गया है।

20 साल की उम्र में बन गए चोर

रामू व विजय की उम्र 20 साल है और रामू को रिश्तेदार प्रिंस महज 19 साल का है। एसपी ने बताया कि मोबाइल फोन व बाइक के शौक के कारण पैसा कमाने के लिए तीनों ने घटना को अंजाम दिया। रामू ई-रिक्शा चलाता है। एसपी ने बताया कि सोनू के पड़ोसी होने के नाते रामू व विजय का दुकान पर आना-जाना था, उन्हें जानकारी थी अलमारी में कैश व जेवरात रखे हुए हैं, इसलिए पूरी योजना बनाई। पुरानी किसी घटना में लिप्त होने की आशंका पर इनसे पूछताछ की जा रही है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X