Hisar News:बास में सीआईए का छापा, मकान के पीछे गोदाम से 147 किलो पटाखे जब्त – Cia Raid In Basa, 147 Kilos Of Firecrackers Seized From A Warehouse Behind The House
बास। गांव बास में मकान के पीछे बने गोदाम में पटाखों का जखीरा मिलने से हड़कंप मच गया। सीआईए स्टाफ नारनौंद की टीम ने छापा मारकर यहां से 147.341 किलोग्राम विस्फोटक पटाखे बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी बिना लाइसेंस पटाखे बेचने का काम करता था।
टीम ने गोदाम से आठ गत्ते के बॉक्स में फुलझड़ी, बम, फिरकी, रॉकेट और अनार बरामद किए। पुलिस ने पटाखे जब्त कर आरोपी संजय कुमार के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के अनुसार 2 नवंबर की रात जांच अधिकारी अशोक टीम के साथ बास बस अड्डे पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि गांव निवासी संजय कुमार अपने मकान के पीछे बने गोदाम में बड़ी मात्रा में पटाखे रखकर बेच रहा है। वह इन्हें ठिकाने लगाने की फिराक में है।
सूचना के बाद पुलिस ने फायर ब्रिगेड हिसार के अधिकारी से संपर्क किया। इसके बाद बास के लीडिंग फायरमैन संदीप कुमार को मौके पर बुलाया गया। पुलिस टीम चौकीदार सोनू निवासी बास को साथ लेकर गोदाम पहुंची। वहां व्हीलचेयर पर बैठे व्यक्ति ने अपनी पहचान संजय कुमार के रूप में बताई।
इसके बाद सिपाही अमन ने अपने मोबाइल से कार्रवाई की वीडियो बनाई। गोदाम में रखे आठ बॉक्स में विभिन्न प्रकार के पटाखे मिले। गत्ते और प्लास्टिक सहित इनका कुल वजन 147.341 किलोग्राम पाया गया। पुलिस ने पटाखों को प्लास्टिक के कट्टों में डालकर सील कर दिया। संवाद
