बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जालौन

Jalaun News:35 छात्र फेल, पास कराने के नाम पर 35 हजार मांगने का आरोप – Orai News

November 18, 2026


उरई। राजकीय मेडिकल कॉलेज में बीएससी नर्सिंग के छात्रों को एक विषय में फेल करने और पास कराने के नाम पर रुपये मांगने के आरोप को लेकर बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। एक सेमेस्टर में 60 छात्रों में से 35 को फेल हो जाने के बाद छात्रों ने नर्सिंग प्रधानाचार्य अरविंद शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का कहना है कि पास कराने के नाम पर पहले 15 हजार और बाद में 35 हजार रुपये मांगे गए। शिकायत लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि उन्हें कार्यालय में बंधक बनाकर पीटा गया।

छात्रों के अनुसार, वे पिछले सेमेस्टर में लगातार पास होते आ रहे थे, लेकिन इस बार प्रयोगात्मक और इंटरनल परीक्षा में बेहद कम अंक देकर फेल कर दिया गया। कई छात्रों को पांच से कम, जबकि कुछ को महज तीन अंक दिए गए। परिणाम आने के बाद छात्र नर्सिंग प्रधानाचार्य अरविंद शर्मा से मिले तो उन्होंने कथित तौर पर पास कराने के नाम पर पहले प्रति विषय 15 हजार रुपये और बाद में 35 हजार रुपये देने की बात कही। छात्रों का यह भी आरोप है कि नौ अन्य विद्यार्थियों को परीक्षा के दौरान देर शाम तक बैठाए रखा गया और उन्हें भी फेल कर दिया गया।

इससे नाराज छात्रों ने एबीवीपी कार्यकर्ताओं से शिकायत की थी। बुधवार को कार्यकर्ता मामले की जानकारी करने और छात्रों की समस्या उठाने मेडिकल कॉलेज पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान डॉक्टरों और कर्मचारियों ने उन्हें कार्यालय में बंधक बना लिया और उनके साथ मारपीट की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह कार्यकर्ताओं को बाहर निकाला। घटना के दौरान कुछ लोगों के हाथों में ब्लेड और डंडे होने तथा पुलिस जीप रोकने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है।

घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा।

वर्जन

छात्र जो रुपये लेने की बात कह रहे हैं वह पूरी तरह से निराधार है। किसी तरह की ऐसी बात नहीं की गई है। डॉ अरविंद शर्मा प्रधानाचार्य नर्सिंग कॉलेज।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X