सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
जम्मू

Jammu News:कांच ही बांस के बहंगिया… गूंजे छठ मैया के गीत – ‘kaanch Hi Baans Ke Bahangiya. The Songs Of Chhath Maiya Resonate

November 16, 2026


अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित, आज उगते सूर्य की उपासना और पारण के साथ होगा महापर्व का समापन

संवाद न्यूज एजेंसी

सांबा। लोक आस्था के महापर्व छठ की धूम के बीच पारंपरिक लोकगीतों और सूर्य उपासना से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। व्रती बांस के सूप-दउरा में प्रसाद सजाकर घाटों पर पहुंचे हैं, जहां अस्ताचलगामी सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। घाटों पर कांच ही बांस के बहंगिया और केलवा के पात पर उगेलन सुरुज देव जैसे पारंपरिक लोकगीतों की गूंज रही। कल सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही 36 घंटे का यह निर्जला उपवास संपन्न होगा।

जिले के विभिन्न नदी, तालाब और कृत्रिम घाटों पर सुबह से ही तैयारियां जोरों पर थीं। श्रद्धालुओं ने घाटों की साफ-सफाई, सजावट और पूजा की सभी व्यवस्थाएं पूरी कीं। उर्मिला और सुनीता के अनुसार, व्रती स्नान कर पूजा की तैयारियों में जुटे। घरों में ठेकुआ, कसार और अन्य पारंपरिक प्रसाद तैयार किए गए। पूजा के लिए सूप और दौरे में केला, नारियल, गन्ना, सिंघाड़ा, नींबू, अदरक, हल्दी सहित फल सजाए गए।

शाम को व्रती परिवार के साथ घाटों पर पहुंचे। उन्होंने जल में खड़े होकर दूध और जल से अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया। छठी मैया की आराधना करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की लंबी आयु की कामना की। घाटों पर पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई दे रही थी। प्रशासन और स्थानीय समितियों ने साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल, सुरक्षा और यातायात के विशेष इंतजाम किए।

व्रत का महत्व और प्रसाद:

छठ महापर्व शुद्धता, अनुशासन, प्रकृति और परिवार के प्रति समर्पण का उत्सव है। नहाय-खाय से खरना तक की कठिन साधना के बाद व्रती 36 घंटे का निर्जला व्रत रखते हैं। महिला आरती के अनुसार, प्रसाद की तैयारी पूरी श्रद्धा और पवित्रता से होती है। सबसे प्रमुख प्रसाद ठेकुआ होता है, जिसके लिए गेहूं धोकर, सुखाकर आटा तैयार किया जाता है। आटे में चीनी, घी, नारियल का बुरादा, इलायची पाउडर मिलाकर ठेकुआ शुद्ध घी में तला जाता है।

समापन और अन्य प्रसाद:

चावल के आटे और गुड़ से बनने वाला लरुआ भी विशेष प्रसाद है। पूजा की डलिया में ठेकुआ, लरुआ, मौसमी फल, गन्ना, पान, सुपारी, अखरोट, सिंदूर आदि सजाए जाते हैं। यह पर्व हमें अपने क्षेत्र के फलों और खाद्य पदार्थों का सम्मान करना सिखाता है। संध्या अर्घ्य के बाद भी व्रतियों ने निर्जला उपवास जारी रखा। सोमवार सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के बाद पारण के साथ महापर्व का समापन होगा।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X