Kushinagar News:जिस घर में सजाई दिवाली की खुशियां, वहीं से उठी नन्हे की अर्थी – From The Very Home Where The Joys Of Diwali Had Been Celebrated, The Funeral Bier Of A Little Child Was Carried Out
मां की मौत के बाद ननिहाल के घर में अकेले रह रहा था 20 वर्षीय युवक
देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
सुकरौली। जिस घर में दिवाली की खुशियां मनाने और त्योहार की तैयारी करने नन्हे तिवारी लौटे थे, रविवार को उसी घर में उनकी मौत से मातम छा गया। कई महीनों बाद घर पहुंचे 20 वर्षीय नन्हे की शनिवार देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में आग से झुलसने से मौत हो गई। रविवार सुबह उनकी मौत की खबर गांव पहुंची तो लोग स्तब्ध रह गए। त्योहार की तैयारी में जुटे युवक की असमय मौत से परिवार और गांव में शोक छा गया।
हाटा कोतवाली क्षेत्र के अवरवां गांव के बेलही टोले निवासी नन्हे तिवारी का जीवन शुरू से ही संघर्षों में गुजरा। वह मां और बहन के साथ ननिहाल में रहते थे, जबकि उनके पिता जयप्रकाश तिवारी अपने पैतृक गांव बरवां में रहते हैं। कुछ दिन पहले उनकी मां का निधन हो गया था। बहन राधिका की शादी होने के बाद नन्हे ननिहाल के घर में अकेले रह रहे थे।
ग्रामीणों के अनुसार, नन्हे मिलनसार स्वभाव के थे और सभी से आदर-सम्मान से पेश आते थे। बताया कि कई महीनों बाद दिवाली मनाने के लिए वह घर पहुंचे थे। उन्होंने घर की साफ-सफाई की और त्योहार के लिए जरूरी सामान भी खरीदा था। घर में दिवाली की तैयारियां चल रही थीं। किसी को अंदाजा नहीं था कि खुशियों की यह तैयारी कुछ ही घंटों में मातम में बदल जाएगी।
शनिवार देर रात अचानक घर में आग लग गई। अंदर से आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। दरवाजा बंद होने पर ग्रामीणों ने ताला तोड़कर उन्हें बाहर निकाला। तब तक नन्हे गंभीर रूप से झुलस चुके थे। परिजन उन्हें तत्काल सीएचसी देवतहां ले गए।
प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखकर चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। रविवार को मौत की सूचना गांव पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग उनके घर पहुंच गए। त्योहार पर घर लौटे युवक की असमय मौत से गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
आग कैसे लगी, अकेले घर में क्या हुआ?
नन्हे आग की चपेट में किन परिस्थितियों में आए, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। आग लगने की वजह क्या थी और वह घर के अंदर कैसे फंस गए, इसे लेकर भी सवाल बने हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच-पड़ताल की और उच्चाधिकारियों को सूचना दी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल घटना के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष सामने नहीं आया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही आग लगने की असल वजह स्पष्ट हो सकेगी।
