Lakhimpur Kheri News:खेत की जोताई को लेकर दो पक्षों में मारपीट, नौ रिपोर्ट – Clash Between Two Groups Over The Ploughing Of A Field; Nine Cases Reported
निघासन। थाना क्षेत्र के खमरिया गांव में खेत की जोताई को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसमें दोनों पक्षों के लोगों को चोटें आईं। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज, लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला करने के आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है।
एक पक्ष के मुन्ना गिरि ने आरोप लगाया कि दो नवंबर की सुबह करीब आठ बजे वह अपने खेत को देखने गए थे। इसी दौरान गांव के विज्ञान उर्फ विशाल, विकास और लालगिरि वहां पहुंच गए। खेत को बढ़ाकर जोतने की बात कहते हुए आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों, हंसिया और फावड़े आदि से हमला कर दिया। आरोप है कि विशाल ने ट्रैक्टर से कुचलकर जान से मारने का प्रयास भी किया।
वहीं, दूसरे पक्ष के विकास गिरि पुत्र सुनील गिरि ने तहरीर में बताया कि वह अपने खेत की जोताई करने गए थे। इसी दौरान मुन्ना गिरि, सुरेश गिरि, मोनू गिरि, सुमित गिरि और सीमा गिरि समेत अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। आरोप है कि उनके भाई के पहुंचने पर विपक्षियों ने दोनों के साथ गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से मारपीट की। विकास ने जगजीवन पर भी डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि घटना का वीडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। सीओ शमशेर बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर नौ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
