Lakhimpur Kheri News:जंगली हाथियों ने खेतों में मचाया उत्पात, ग्रामीणों में दहशत – Wild Elephants Wreak Havoc In Fields; Panic Among Villagers
संसारपुर। मैलानी वनक्षेत्र के महुरेना-नंदापुर मार्ग पर बृहस्पतिवार रात जंगली हाथी गन्ने के खेतों में पहुंच गए। शुक्रवार सुबह खेतों पर पहुंचे ग्रामीणों को हाथियों के पगचिह्न और खेत में पड़ा मल दिखाई दिया। इसके बाद क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी की जानकारी हुई। हाथियों के खेतों में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
महुरेना निवासी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह जब वह अपने खेत पर पहुंचे तो गन्ने की फसल में हाथियों के पगचिह्न दिखाई दिए। हाथियों ने उनके खेत में गन्ने की फसल को भी नुकसान पहुंचाया है। इसकी सूचना उन्होंने वन विभाग के कर्मचारियों को दी।
इस संबंध में रेंजर सुरेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि जंगल से जंगली हाथी आबादी के पास खेतों में आ गए थे। बाद में दोनों हाथी वापस जंगल की ओर चले गए। हाथियों से हुए नुकसान की लिखित शिकायत मिलने पर रिपोर्ट तैयार कर शासन को भेजी जाएगी। फिलहाल वन विभाग की टीम क्षेत्र में निगरानी कर रही है।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि खेतों पर जाते समय सतर्कता बरतें। हाथियों के दिखाई देने पर उनके पास जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें और तत्काल वन विभाग को सूचना दें।
