रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
लखीमपुर-खीरी

Lakhimpur Kheri News:जिम की सदस्यता खत्म कर फीस मांगने पर डॉक्टर से मारपीट, तीन पर आरोप – Doctor Assaulted After Asking For A Refund Upon Ending Gym Membership; Three Accused

November 22, 2026


लखीमपुर खीरी। शहर कोतवाली क्षेत्र के सरदार नगर स्थित एक जिम में मारपीट हो गई। जिम की सदस्यता समाप्त कर जमा फीस वापस मांगना एक डॉक्टर को भारी पड़ गया। आरोप है कि इस बात को लेकर जिम संचालक और उसके परिजनों ने डॉक्टर पर लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में घायल डॉक्टर का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण कराया है। उनकी तहरीर पर जिम संचालक समेत तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।

मामला शहर के सरदार नगर स्थित निघासन रोड का है। न्यू अपोलो हॉस्पिटल में कार्यरत डॉ. पवन कुमार यादव के मुताबिक वह शाम करीब 6:20 बजे जिम पहुंचे थे। इसी दौरान अस्पताल से मरीज को देखने के लिए फोन आ गया। वह जल्दबाजी में अस्पताल जाने लगे तो जिम संचालक अरविंद पांडेय ने उपकरण निर्धारित स्थान पर रखने को कहा। डॉक्टर ने मरीज की इमरजेंसी का हवाला दिया, लेकिन इस पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद वह अस्पताल चले गए।

रात करीब नौ बजे वह जिम की सदस्यता समाप्त कराने और जमा 700 रुपये वापस लेने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान अरविंद पांडेय, उनके पिता और भाई ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों ने लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से हमला किया। डॉक्टर का कहना है कि किसी तरह जिम से बाहर निकलने के बाद वह सड़क पर बेहोश होकर गिर पड़े। डॉक्टर ने यह भी आरोप लगाया है कि घटना के बाद उन पर 15 हजार रुपये चोरी करने का झूठा आरोप लगाया जा रहा है और उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई है।

सीओ महक शर्मा ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। घायल का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। मामले की जांच एसआई विक्रांत चौधरी को सौंपी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X