Mahoba News:खेत की सिंचाई करने गए किसान का नहर में मिला शव – Body Of A Farmer Who Had Gone To Irrigate His Field Found In A Canal
= देर रात तक घर न आने पर परिजनों को हुई आशंका, तब शुरू की तलाश
संवाद न्यूज एजेंसी
महोबा। कोतवाली क्षेत्र के करहराकलां गांव में बृहस्पतिवार की रात खेत की सिंचाई करने गए किसान का शव नहर में मिला। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों से पूछताछ की। किसान की मौत से परिजन रो-रोकर बेहाल है।
करहराकलां निवासी चंदन सिंह राजपूत (40) सत्रह बीघा भूमि में खेती-किसानी करके परिवार का भरण-पोषण करता था। बृहस्पतिवार को वह खेत में सिंचाई करने की बात कहकर घर से निकल गया। देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों को आशंका हुई। तब खेत जाकर देखा तो किसान नहर किनारे पंप के पास अचेत अवस्था में पड़े मिले।
घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच करते हुए परिजनों से जानकारी ली। मृतक के चचेरे भाई जीतेंद्र व भारत सिंह ने बताया कि चंदन खेत में पलेवा करने गए थे। पंप नहर के किनारे रखा था लेकिन नहर में इतना पानी नहीं था कि डूबने से उनकी मौत हो गई। आशंका है कि पैर फिसलने या करंट लगने से जान गई हो। घटना से पिता पहाड़ सिंह, पत्नी अर्चना, बेटा आदर्श और बेटी शानवी गमगीन हैं। कोतवाली प्रभारी राजेंद्र सिंह राजावत ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
