रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Mahoba News:पूर्व मंत्री ने फिर पकड़ी राजनीति की राह, चुनाव लड़ने की घोषणा – Former Minister Returns To The Political Path, Announces Intention To Contest Elections
महोबा

Mahoba News:पूर्व मंत्री ने फिर पकड़ी राजनीति की राह, चुनाव लड़ने की घोषणा – Former Minister Returns To The Political Path, Announces Intention To Contest Elections

November 21, 2026


= बेटे की गिरफ्तारी को बताया राजनीति षड्यंत्र, कहा पहले से ज्यादा ऊर्जा के साथ मैदान में उतरेंगे

= छह माह पहले पूर्व मंत्री ने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर की थी राजनीति से सन्यास की घोषणा

संवाद न्यूज एजेंसी

महोबा/खरेला। बुंदेलखंड की राजनीति में लंबे समय तक प्रभाव रखने वाले प्रदेश के पूर्व श्रम मंत्री बादशाह सिंह ने सक्रिय राजनीति में वापसी का एलान कर दिया है। छह माह पहले सक्रिय राजनीति से दूरी बनाने की घोषणा करने वाले बादशाह सिंह ने अब वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में उतरने का दावा किया है। उन्होंने बेटे सूर्यदेव सिंह की गिरफ्तारी को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए विरोधियों को जवाब देने की बात कही है।

छह माह पहले पूर्व मंत्री बादशाह सिंह ने सोशल मीडिया में वीडियो वायरल कर राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी। वहीं, शुक्रवार को पूर्व मंत्री ने अपने आवास पर प्रेसवार्ता की। उन्होंने कहा कि वह सक्रिय राजनीति से दूर रहकर समाजसेवा कर रहे थे, लेकिन बड़े बेटे सूर्यदेव सिंह को राजधानी लखनऊ में हुए एक मामले में धारा 307 के तहत आरोपी बनाकर गिरफ्तार किया गया है।

उनका दावा है कि घटना के समय बेटा लखनऊ स्थित आवास पर था और सीसीटीवी फुटेज में भी वह हमलावरों के साथ दिखाई नहीं दे रहा। आरोप लगाया कि राजनीति विरोधियों ने षड्यंत्र कर बेटे को फंसाया है। इसका जवाब वह राजनीति के माध्यम से देंगे। उन्होंने 2027 में आगामी विधानसभा चुनाव लड़कर दबे-कुचले लोगों की सेवा और क्षेत्र को विकास की मुख्य धारा से जोड़ने का दावा किया है।

————

वर्ष 1988 में शुरू हुआ था राजनीतिक सफर

महोबा। पूर्व मंत्री बादशाह का राजनीतिक सफर वर्ष 1988 में नगर पंचायत अध्यक्ष बनने से शुरू हुआ था। इसके बाद वह वर्ष 1989 में भाजपा से मौदहा विधानसभा चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे। वर्ष 1991 में विधायक बने। वर्ष 1993 में 113 वोटों से हारने के बाद वर्ष 1996 व 2002 में फिर से भाजपा के टिकट विधायक चुने गए। बाद में वह बसपा में शामिल होकर वर्ष 2007 में कैबिनेट मंत्री बने थे। भ्रष्टाचार में वह जेल गए थे और वर्ष 2011 में बाहर आए। वर्ष 2012 में भाजपा के टिकट पर उन्होंने महोबा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ा, लेकिन हार गए। इसके बाद वह कांग्रेस और फिर समाजवादी पार्टी में शामिल हुए। छह माह पहले उन्होंने सक्रिय राजनीति से संन्यास ले लिया था। (संवाद)

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X