Mahoba News:मांगों को लेकर शिक्षकों ने धरना देकर किया प्रदर्शन – Teachers Staged A Protest By Holding A Sit-in To Press For Their Demands
महोबा। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रांतीय आह्वान पर शिक्षकों ने 12 सूत्री मांगों को लेकर बुधवार को बीएसए कार्यालय के बाहर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की।
धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में शिक्षक व शिक्षिकाएं बीएसए कार्यालय पहुंचे। संघ के जिलाध्यक्ष श्रीमित्र त्रिपाठी के नेतृत्व में शिक्षकों ने अपने हक और अधिकारों की मांग को लेकर आवाज बुलंद की। कहा कि एक अप्रैल 2005 या उसके बाद नियुक्त सभी शिक्षकों के लिए पुरानी पेंशन योजना तत्काल बहाल की जाए। शिक्षकों पर लागू टीईटी की अनिवार्यता व ब्रिज कोर्स की बाध्यता को समाप्त किया जाए। अन्य राज्य कर्मचारियों की तरह प्राथमिक शिक्षकों को भी उपार्जित अवकाश और प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार का अवकाश दिया जाए।
जिले के सभी विद्यालयों में प्रधानाध्यापक के पद सृजित कर रुकी पदोन्नति प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही विद्यालयों में सफाईकर्मी व चौकीदार की स्थाई नियुक्ति की जाए। धरना प्रदर्शन में जिला मंत्री हरनारायण अनुरागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष जयनारायण तिवारी, कोषाध्यक्ष कृष्णकांत सोनी, संयुक्त मंत्री श्रीचंद्र, रमाकांत मिश्रा, जगदीश पाठक, मनोज कुमार, सुभाष आदि मौजूद रहे।
