मैनपुरी। जनपद में तंबाकू मुक्त युवा अभियान शुरू हो गया है। यह अभियान 60 दिनों तक चलेगा। इसका उद्देश्य जिले के 100 गांवों को तंबाकू मुक्त घोषित करना है। यह जानकारी जिला पंचायतराज अधिकारी अमित कुमार त्यागी ने शुक्रवार को दी। अभियान की सफलता की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत सचिवों को सौंपी गई है। एडीओ पंचायत अभियान की मॉनीटरिंग करेंगे। महानिदेशक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी मैनपुरी ने इस संबंध में पत्र जारी किया है। पत्र में 28 अक्तूबर से 60 दिन तक तंबाकू मुक्त अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं।जिला पंचायतराज अधिकारी ने बताया कि अभियान के तहत प्रत्येक विकास खंड से 12-12 गांवों को तंबाकू मुक्त किया जाना सुनिश्चित किया जाएगा। जागरूकता कार्यक्रमों के लिए जिला सलाहकार अभय कुमार सिंह से संपर्क किया जा सकता है।