बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
मंडी

Mandi News:धारंडा स्कूल के वार्षिक समारोह में 65 विद्यार्थी सम्मानित – 65 Students Honored At Dharanda School’s Annual Function

November 18, 2026


शगुन और निरंजना ने विभिन्न श्रेणियों में हासिल किए सर्वाधिक पदक

विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

संवाद न्यूज एजेंसी

सुंदरनगर (मंडी)। राजकीय उच्च पाठशाला धारंडा में बुधवार को वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह मनाया गया। समारोह में सेवानिवृत्त शारीरिक शिक्षा शिक्षक मेघ राम ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान शैक्षणिक गतिविधियों, खेलकूद, नियमित उपस्थिति और विभिन्न दिवसों पर आयोजित प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 65 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। शगुन और निरंजना ने विभिन्न श्रेणियों में सर्वाधिक पदक हासिल कर विशेष उपलब्धि दर्ज की।

मुख्य अतिथि मेघ राम ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए अनुशासन, मेहनत और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए अन्य विद्यार्थियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। समारोह में विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। मानवी और ग्रुप ने पंजाबी नृत्य, शीतल और ग्रुप ने पहाड़ी नाटी, जबकि शगुन और अनन्या ने पंजाबी डांस प्रस्तुत किया। कंचन ने हरियाणवी नृत्य और सुमन ने एकल गायन व भोजपुरी नृत्य से दर्शकों का मनोरंजन किया। करण और ग्रुप ने कीर्तन प्रस्तुत किया। अन्य विद्यार्थियों ने भी विभिन्न नृत्य प्रस्तुतियों से खूब तालियां बटोरीं।

मुख्य अतिथि ने 1100 रुपये, मीना सैन ने 2000 रुपये, अंजु ठाकुर ने 2000 रुपये और शेर सिंह ने 2000 रुपये की राशि विद्यार्थियों को प्रोत्साहन स्वरूप भेंट की। सेवानिवृत्त तहसीलदार कर्म सिंह ठाकुर ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में विद्यार्थियों और अतिथियों के लिए धाम का आयोजन करवाया। मुख्याध्यापिका मोती माला ने अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति की प्रधान चंपा, सीएचटी देवेंद्र सैनी, विद्यालय स्टाफ और ग्रामीण मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X