Mini Scorpio से लेकर इलेक्ट्रिक SUV तक, Mahindra जल्द लॉन्च करेगी 3 नई SUV; कीमत ₹10.50 लाख से शुरू
इंडियन ऑटो मार्केट में SUV और लाइफस्टाइल व्हीकल की मांग लगातार नए रिकॉर्ड बना रही है और इस सेगमेंट में Mahindra अपनी पकड़ और मजबूत करने के लिए पूरी तरह तैयार है. कंपनी ने हाल ही में पुष्टि की है कि वह जून 2027 तक इंडियन मार्केट में कई बड़े मॉडल उतारने जा रही है, जिनमें लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक से लेकर सब-4 मीटर एसयूवी और प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी तक शामिल हैं. ग्राहकों की बदलती जरूरतों, एडवेंचर के बढ़ते क्रेज और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर तेजी से बढ़ते कदमों को देखते हुए महिंद्रा अपनी आगामी गाड़ियों में फ्यूचरिस्टिक डिजाइन, एडवांस तकनीक और दमदार परफॉर्मेंस का बेहतरीन तालमेल पेश करने वाली है.
कंपनी की इस नई रणनीति के केंद्र में तीन सबसे चर्चित गाड़ियां- Mahindra Scorpio Lifestyler, Mahindra Vision S और Mahindra BE 07 हैं, जो अपने-अपने सेगमेंट में नई हलचल मचाने के लिए तैयार हैं. आइए इन तीनों अपकमिंग SUVs के बारे में जानते हैं. संभावित कीमत से लेकर इंजन और परफॉरमेंस तक की डिटेल पर नज़र डालेंगे.
Mahindra Scorpio Lifestyler
महिंद्रा अप्रैल 2027 तक अपना नया लाइफस्टाइल पिकअप ट्रक स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर लॉन्च कर सकती है, जिसकी संभावित शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत ₹19.79 लाख से ₹20.79 लाख के बीच रहने का अनुमान है. स्कॉर्पियो एन के प्लेटफॉर्म पर बेस्ड इस पिकअप का डिजाइन बेहद मस्कुलर और बोल्ड है, जिसमें दमदार फ्रंट ग्रिल और बड़ा कार्गो बेड मिलता है. इसके केबिन में नया स्टीयरिंग व्हील, फ्लोटिंग डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, वेंटिलेटेड फ्रंट सीटें, डुअल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और वायरलेस चार्जर जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए जाएंगे.
सेफ्टी के लिए इसमें 6 एयरबैग्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC), टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और 540-डिग्री कैमरा मिलने की उम्मीद है. परफॉर्मेंस के लिए इसमें 2.2-लीटर का mHawk डीजल इंजन मिलेगा, जो लगभग 172 bhp की पावर और 400 Nm का टॉर्क जनरेट करेगा, जिसे 6-स्पीड मैनुअल और ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ 4×4 ड्राइवट्रेन का विकल्प मिलेगा.
Mahindra Vision S
महिंद्रा के नए NU_IQ मॉड्यूलर प्लेटफॉर्म पर तैयार होने वाली सब-4 मीटर कॉम्पैक्ट एसयूवी विजन एस जून 2027 तक दस्तक दे सकती है, जिसकी संभावित कीमत ₹10.50 लाख से ₹15 लाख के बीच हो सकती है. बॉक्सी और रग्ड डिजाइन वाली इस एसयूवी को ‘मिनी स्कॉर्पियो’ जैसा लुक दिया गया है, जिसमें पिक्सल एलईडी लाइट्स और टेलगेट पर माउंटेड स्पेयर व्हील आकर्षक लगता है. इसके केबिन में डुअल-टोन नेवी ब्लू और ब्लैक लेदरेट अपहोल्स्ट्री, बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, वेंटिलेटेड सीटें और ऑटो-होल्ड के साथ इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक जैसे मॉडर्न फीचर्स मिलेंगे.
सेफ्टी के लिहाज से इसमें स्टैंडर्ड 6 एयरबैग्स, 360 डिग्री कैमरा और एडवांस ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) दिए जाने की संभावना है. चूंकि ये मल्टी-एनर्जी प्लेटफॉर्म पर बेस्ड है, इसलिए इसमें पेट्रोल और डीजल के साथ-साथ इलेक्ट्रिक पावरट्रेन का विकल्प भी मिल सकता है, जो शहर और हाइवे दोनों पर शानदार ड्राइविंग एक्सपीरिएंस देगा.
Mahindra BE 07
प्रीमियम इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में महिंद्रा जून 2027 तक बीई 07 को उतारने की तैयारी में है, जिसकी संभावित कीमत ₹25 लाख से ₹29.50 लाख के आसपास हो सकती है. कंपनी के डेडिकेटेड INGLO प्लेटफॉर्म पर बनी इस एसयूवी का डिजाइन एयरोडायनामिक और बेहद फ्यूचरिस्टिक है. इसके इंटीरियर की सबसे बड़ी खासियत डैशबोर्ड की पूरी चौड़ाई में फैली ट्रिपल-स्क्रीन डिस्प्ले, पैनोरमिक सनरूफ, प्रीमियम साउंड सिस्टम और लाउंज जैसा आरामदायक केबिन स्पेस होगा.
सेफ्टी के लिए इसमें लेवल-2 ADAS, 7 एयरबैग्स, 360-डिग्री कैमरा और ब्लाइंड-स्पॉट मॉनिटरिंग जैसे फीचर्स शामिल होंगे. परफॉर्मेंस की बात करें तो इसमें 59 kWh और 79 kWh के बैटरी पैक विकल्प मिल सकते हैं, जो एक बार फुल चार्ज होने पर 550 से 650 किलोमीटर तक की रेंज देने में सक्षम होंगे. ये एसयूवी रियर-व्हील ड्राइव (RWD) और ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) दोनों कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध होगी, जो 285 PS से लेकर 394 PS तक की जबरदस्त पावर जनरेट करेगी.
