शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
नोएडा

Noida News:2027 विधानसभा चुनाव में मेट्रो बनेगा भाजपा का मास्टर कार्ड – The Metro Will Be The Bjps Master Card In The Elections

November 11, 2026


– नोएडा से ग्रेटर नोएडा तक एक्वा लाइन के विस्तार को कैबिनेट की मंजूरी से भाजपा को मिला चुनावी मुद्दा

– नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों में साधेगी सियासी समीकरण

सुशांत समदर्शी

नोएडा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की सियासी तैयारियां तेज होने लगी हैं। ऐसे में नोएडा से ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक एक्वा लाइन मेट्रो के विस्तार को केंद्रीय कैबिनेट की मंजूरी मिलना भाजपा के लिए अहम चुनावी मुद्दा बन सकता है। सेक्टर-51 से ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर-4 तक 8.449 किमी लंबे मेट्रो कॉरिडोर और पांच नए एलिवेटेड स्टेशन बनाने की मंजूरी को पार्टी विकास के एजेंडे के रूप में जनता के बीच ले जा सकती है। इसके अलावा बॉटनिकल गार्डन से सेक्टर-142 तक भी मेट्रो विस्तार की योजना है। इन परियोजनाओं का राजनीतिक असर खासतौर पर नोएडा, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्रों में देखने को मिल सकता है।

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो विस्तार की मांग कई वर्षों से उठ रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में भी नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच बेहतर मेट्रो कनेक्टिविटी का मुद्दा राजनीतिक चर्चा में रहा था। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की बड़ी आबादी लंबे समय से मेट्रो सुविधा की मांग कर रही है। चुनाव के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सामने भी यह मांग उठाई गई थी। अब केंद्रीय कैबिनेट से परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद भाजपा को इस मांग पर निर्णय लेने का श्रेय लेने का अवसर मिल गया है।

परियोजना का राजनीतिक महत्व इसलिए भी अधिक है, क्योंकि इसका लाभ केवल नोएडा तक सीमित नहीं रहेगा। सेक्टर-51, सेक्टर-61, सेक्टर-70, सेक्टर-122, सेक्टर-123 और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के आवासीय क्षेत्रों को इससे बेहतर कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है। इन इलाकों में बड़ी संख्या में नौकरीपेशा परिवार, युवा और मध्यम वर्ग के लोग रहते हैं। ऐसे में मेट्रो विस्तार को आवागमन की समस्या और शहरी सुविधाओं से जोड़कर चुनावी मुद्दा बनाया जा सकता है।

नोएडा विधानसभा क्षेत्र में भाजपा इसे शहरी बुनियादी ढांचे के विस्तार और बेहतर परिवहन सुविधा के रूप में पेश कर सकती है। वहीं, दादरी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्रेटर नोएडा वेस्ट और आसपास के इलाकों में परियोजना की मंजूरी को विकास के प्रयासों से जोड़कर पार्टी अपनी उपलब्धियां गिनाने की कोशिश करेगी।

जेवर विधानसभा क्षेत्र में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, औद्योगिक विकास और सड़क कनेक्टिविटी पहले से ही प्रमुख मुद्दे हैं। ऐसे में मेट्रो नेटवर्क के विस्तार को एनसीआर की व्यापक परिवहन योजनाओं से जोड़कर भाजपा क्षेत्रीय विकास का एजेंडा सामने रख सकती है। एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे, औद्योगिक निवेश और मेट्रो जैसी परियोजनाओं को एक साथ रखकर पार्टी मतदाताओं के बीच विकास कार्यों को प्रमुखता दे सकती है।

विपक्ष भी उठाएगा सवाल

मेट्रो विस्तार को मंजूरी मिलने से भाजपा को चुनावी मुद्दा जरूर मिल सकता है, लेकिन विपक्ष भी इस पर सवाल उठाने की तैयारी में रहेगा। समाजवादी पार्टी, बसपा और कांग्रेस परियोजना की घोषणा और धरातल पर निर्माण शुरू होने के बीच के अंतर को मुद्दा बना सकती हैं। विपक्ष की ओर से यह सवाल उठाया जा सकता है कि निर्माण कार्य कब शुरू होगा, परियोजना कब पूरी होगी और ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सभी प्रभावित आवासीय क्षेत्रों तक मेट्रो की सुविधा कब पहुंचेगी।

– क्षेत्रवासियों की बहुत लंबे समय से लंबित मांग और जरूरत आज पूरी हुई है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट मेट्रो पास होने पर ग्रेटर नोएडा वासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। – डाॅ. महेश शर्मा, सांसद गौतमबुद्घ नगर

– यह परियोजना लाखों नागरिकों के जीवन को सुगम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। व्यावसायिक केंद्रों, शिक्षण संस्थानों तथा अस्पतालों तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी। – पंकज सिंह, विधायक नोएडा

– बेहतर कनेक्टिविटी और आधुनिक परिवहन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे नोएडा ग्रेटर नोएडा के विकास को पंख लगेगा और आवागमन सुलभ होगा। – सुरेंद्र सिंह नागर, सांसद राज्यसभा

मेट्रो कनेक्टिविटी से प्रतिदिन नोएडा, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में नौकरी, व्यापार, शिक्षा एवं अन्य कार्यों के लिए आने-जाने वाले लाखों लोगों को सुविधा मिलने की उम्मीद है। – तेजपाल सिंह नागर, विधायक दादरी

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X