श्रीनगर। लोकपर्व इगास को पारंपरिक रीति-रिवाजों और लोकसंस्कृति के साथ मनाने के लिए श्रीनगर में तैयारियां शुरू हो गई हैं। बुधवार को नागेश्वर महादेव मंदिर में आयोजित बैठक में पर्व को धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया गया। इसके तहत 20 नवम्बर को सुबह मंदिर परिसर में पारंपरिक गढ़वाली व्यंजनों के साथ इगास मनाया जाएगा।
पर्व के मौके पर महिलाएं पारंपरिक तरीके से सिलबट्टे पर उड़द की दाल पीसकर पकोड़ी तैयार करेंगी। साथ ही पूरी भी बनाई जाएगी। मंदिर में भगवान नागेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना कर पकवानों का भोग लगाया जाएगा। शाम को सरस्वती शिशु मंदिर में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसमें महिलाएं और छात्राएं पारंपरिक गढ़वाली वेशभूषा और आभूषणों में सजकर झुमैलो की प्रस्तुति देंगी। साथ ही पारंपरिक भेलू खेलकर इगास की खुशियां मनाई जाएंगी। आयोजन को लेकर बैठक भी आयोजित हुई, जिसमें नागेश्वर महादेव मंदिर के महंत नितिन पुरी, अनूप बहुगुणा, जितेंद्र रावत, दीपक उनियाल, वीरेंद्र रतूड़ी, महेश गिरी, कालीचरण रावत और मुकेश काला मौजूद रहे।