शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:जिला युवा महोत्सव 19 से आईजीयू में, छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं – District Youth Festival To Be Held At Igu Starting From The 19th; Competitions To Take Place In Six Categories
रेवाड़ी

Rewari News:जिला युवा महोत्सव 19 से आईजीयू में, छह विधाओं में होंगी प्रतियोगिताएं – District Youth Festival To Be Held At Igu Starting From The 19th; Competitions To Take Place In Six Categories

November 10, 2026


रेवाड़ी। जिलास्तरीय युवा महोत्सव 19 व 20 नवंबर को इंदिरा गांधी विश्वविद्यालय (आईजीयू) के कल्पना चावला सभागार में आयोजित किया जाएगा। महोत्सव की मुख्य थीम ”नशा मुक्त युवा, विकसित भारत” है। महोत्सव इनडोर में होगा।

डीसी अभिषेक मीणा ने बताया कि युवा महोत्सव में जिले के सरकारी व निजी शिक्षण संस्थानों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। उन्होंने युवाओं से समय रहते पंजीकरण करवाकर अपनी प्रतिभा दिखाने का आह्वान किया।

दो दिवसीय महोत्सव में पांच सांस्कृतिक विधाओं और एक संगीत प्रतियोगिता सहित कुल छह विधाओं में मुकाबले होंगे। इनमें ग्रुप लोक नृत्य, ग्रुप लोक गीत, नुक्कड़ नाटक, पेंटिंग, कविता लेखन और पारंपरिक लोक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता शामिल हैं।

ग्रुप लोक नृत्य में भारतीय शैली में नशा मुक्त युवा और विकसित भारत की थीम पर 5 से 8 मिनट की प्रस्तुति देनी होगी। टीम में अधिकतम 10 सदस्य (7 कलाकार और 3 सहयोगी/स्टाफ) शामिल हो सकेंगे।

ग्रुप लोक गीत में भारतीय क्षेत्रीय भाषाओं के पारंपरिक लोकगीत प्रस्तुत करने होंगे। इसमें फिल्मी गीत और रीमिक्स की अनुमति नहीं होगी। प्रस्तुति का समय 5 से 8 मिनट रहेगा।

नुक्कड़ नाटक में हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा में अधिकतम 7 मिनट की प्रस्तुति देनी होगी। टीम में अधिकतम 10 प्रतिभागी शामिल हो सकेंगे। पेंटिंग प्रतियोगिता में प्रतिभागी ए-3 आकार की शीट पर पेंसिल, एक्रेलिक, वाटर कलर या क्रेयॉन के माध्यम से निर्धारित थीम पर कलाकृति बनाएंगे। इसके लिए अधिकतम 6 घंटे का समय मिलेगा।

कविता लेखन प्रतियोगिता में कविता पूरी तरह मौलिक होनी चाहिए। हिंदी, अंग्रेजी या क्षेत्रीय भाषा में कविता लिखने के लिए 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया है। वहीं पारंपरिक लोक वाद्य यंत्र प्रतियोगिता में ढोल, नगाड़ा, बांसुरी, सारंगी, इकतारा, खड़ताल और तबला जैसे भारतीय वाद्य यंत्रों का प्रदर्शन किया जा सकेगा। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का इस्तेमाल प्रतिबंधित रहेगा।

15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के युवा ले सकेंगे भाग

डीसी ने बताया कि प्रतिभागी की आयु 17 अगस्त 2026 को 15 से 29 वर्ष के बीच होनी अनिवार्य है। पिछले वर्ष के विजेता इस बार प्रतियोगिता में भाग लेने के पात्र नहीं होंगे। एक विद्यार्थी केवल एक ही विधा में हिस्सा ले सकेगा। सभी प्रतिभागियों के लिए माई भारत पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रस्तुति में आपत्तिजनक भाषा, अश्लीलता या धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली सामग्री की अनुमति नहीं होगी। सभी स्क्रिप्ट की पहले स्क्रीनिंग की जाएगी।

विजेताओं को मिलेंगे 4100 रुपये तक

जिला स्तर पर प्रत्येक विधा में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार और योग्यता प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान पर 4100 रुपये, द्वितीय स्थान पर 3100 रुपये और तृतीय स्थान पर 2100 रुपये का पुरस्कार निर्धारित किया गया है। जिला स्तर के विजेता आगे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में रेवाड़ी जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।

शिक्षण संस्थानों को अधिक भागीदारी के निर्देश

डीसी अभिषेक मीणा ने जिले के सभी राजकीय व निजी आईटीआई, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों और स्कूलों के प्राचार्यों को युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को जोड़ने के लिए ब्लॉक यूथ कोऑर्डिनेटिंग अधिकारियों के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। महोत्सव से संबंधित अन्य जानकारी के लिए इच्छुक प्रतिभागी नजदीकी राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में संपर्क कर सकते हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X