शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Rewari News:नए बस अड्डे का 25 प्रतिशत काम पूरा, मार्च 2028 तक शुरू होने की उम्मीद – 25 Percent Of Work On The New Bus Terminal Completed; Expected To Be Operational By March 2028
रेवाड़ी

Rewari News:नए बस अड्डे का 25 प्रतिशत काम पूरा, मार्च 2028 तक शुरू होने की उम्मीद – 25 Percent Of Work On The New Bus Terminal Completed; Expected To Be Operational By March 2028

November 10, 2026


रेवाड़ी। रामगढ़ रोड स्थित सेक्टर-12 में नए आधुनिक बस अड्डे का निर्माण कार्य रफ्तार पकड़ने लगा है। दक्ष प्रजापति चौक के पास बन रहे इस बस अड्डे का 25 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। विभाग का लक्ष्य मार्च 2028 तक निर्माण पूरा कर इसे यात्रियों के लिए शुरू करने का है।

नया बस अड्डा शुरू होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। फिलहाल सर्कुलर रोड स्थित पुराना बस स्टैंड जगह की कमी और अतिक्रमण के चलते जाम की समस्या बढ़ा रहा है।

नए बस अड्डे को एनएच-48 और एनएच-352 डब्ल्यू से बाईपास फोरलेन के जरिये जोड़ा जाएगा। इससे बसों का शहर के अंदर प्रवेश बंद हो सकेगा और मुख्य सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा। खासकर सर्कुलर रोड और आसपास के क्षेत्रों में लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।

नए बस अड्डे की नींव वर्ष 2012-13 में तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रखी थी। हालांकि, जमीन पर कब्जों और लंबी कानूनी प्रक्रिया के कारण परियोजना वर्षों तक अटकी रही। बाद में सरकार ने जमीन को कब्जों से मुक्त कराया।

इसके बाद वर्ष 2025 में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने परियोजना का दोबारा शिलान्यास किया। अब वैधानिक और तकनीकी अड़चनें दूर होने के बाद निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। परियोजना पर कुल 65.32 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

इस परियोजना पर 65.32 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इसमें 42 करोड़ रुपये मुख्य भवन के सिविल कार्य पर खर्च किए जाएंगे। शेष राशि ऑनलाइन प्रणाली, बिजली-पानी की फिटिंग और अन्य सुविधाओं पर लगेगी।

बस अड्डा परिसर 20 एकड़, एक कनाल और पांच मरला भूमि पर विकसित किया जा रहा है। करीब 15 एकड़ में मुख्य बस अड्डा बनेगा। शेष पांच एकड़ में आधुनिक कार्यशाला और इलेक्ट्रिक बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन तैयार होगा।

13.96 करोड़ रुपये की लागत से तीन एकड़ में चार्जिंग स्टेशन बनाया जाएगा। इसमें एक साथ करीब 170 इलेक्ट्रिक बसों को चार्ज करने की क्षमता होगी।

दो मंजिला भवन में मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं, 18 बसों के लिए बनेंगे बूथ

नए बस अड्डे की मुख्य इमारत ग्राउंड प्लस वन यानी दो मंजिला होगी। परिसर को पांच प्रमुख ब्लॉकों में बांटा गया है। इनमें यात्री ब्लॉक, कार्यशाला, यार्ड मास्टर ब्लॉक, सर्विस पिट और एंजिलरी शेड शामिल हैं। शुरुआती चरण में अलग-अलग रूटों की बसों के संचालन के लिए 18 बस बूथ (बे) बनाए जा रहे हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए वातानुकूलित प्रतीक्षालय, पिक एंड ड्रॉप क्षेत्र, स्वचालित टिकट काउंटर, वाणिज्यिक खुदरा दुकानें और प्लाजा विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा परिसर में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी और बहुमंजिला सार्वजनिक पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी।

बाईपास की तरफ होगा प्रवेश और निकास

बस अड्डे का मुख्य प्रवेश और निकास बाईपास फोरलेन की तरफ रखा गया है। इससे बसों को शहर की अंदरूनी सड़कों पर आने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एनएच-48 और एनएच-352 डब्ल्यू से सीधा संपर्क होने के कारण बसों का संचालन भी सुगम होगा। नए बस अड्डे के शुरू होने से शहर की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

वर्जन

नए बस स्टैंड के निर्माण कार्य की नियमित निगरानी की जा रही है। जींद की कार्यदायी एजेंसी अब तक करीब 25 प्रतिशत काम पूरा कर चुकी है। मार्च 2028 तक निर्माण पूरा कर बस अड्डे को यात्रियों के लिए शुरू करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बनने से यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और शहर में लगने वाले ट्रैफिक जाम से भी राहत मिलेगी।-निरंजन शर्मा, जीएम, रोडवेज।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X