Roorkee News:रुड़की रेलवे स्टेशन का चप्पा-चप्पा खंगाला, ट्रेनों में चेकिंग की – Every Inch Of Roorkee Railway Station Was Thoroughly Searched, And Trains Were Checked
त्योहार के कारण रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी ने शनिवार को रुड़की रेलवे स्टेशन पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान स्टेशन पर रुकने वाली ट्रेनों के साथ यात्रियों के सामान की भी जांच की गई। सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेनों के कोच, कूड़ेदान, शौचालय और अन्य स्थानों की तलाशी ली गई।
त्योहार शुरू होते ही रुड़की रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की आवाजाही आम दिनों के मुकाबले बढ़ गई है। प्रतिदिन करीब दस हजार से अधिक यात्री स्टेशन से आवागमन कर रहे हैं। वर्तमान में 40 से अधिक ट्रेनों का रुड़की स्टेशन पर ठहराव है। इसे देखते हुए आरपीएफ और जीआरपी ने रेलवे संपत्ति, यात्री सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभियान चलाया।
स्टेशन के प्लेटफॉर्म, टिकट घर और पार्किंग स्थल समेत चप्पे-चप्पे की जांच की गई। लखनऊ, दिल्ली, अमृतसर, गोरखपुर और मुंबई रूट की ट्रेनों में विशेष चेकिंग की गई। अभियान के दौरान यात्रियों से अनजान व्यक्ति से खाने-पीने का सामान नहीं लेने और किसी के साथ अपनी निजी जानकारी साझा नहीं करने की अपील की गई।
सफर के दौरान परिचितों के संपर्क में रहने और संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल आरपीएफ या जीआरपी को सूचना देने को कहा गया। आरपीएफ चौकी प्रभारी कमलेश प्रसाद ने बताया कि त्योहार में यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण अलग-अलग शिफ्ट में चेकिंग की गई। रेलवे ट्रैक का भी निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान सभी जगह स्थिति सामान्य मिली।
