शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
रुद्रप्रयाग

Rudraprayag News:रुद्रप्रयाग में सड़कों पर गड्ढे, मरम्मत के कुछ दिन बाद फिर बिगड़ रही हालत – Potholes On Roads In Rudraprayag; Condition Deteriorates Again Just Days After Repairs

November 14, 2026


मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर उठ रहे हैं सवाल

रुद्रप्रयाग। राज्य में गड्ढा मुक्त सड़क अभियान के दावों के बीच जनपद में सड़कों की बदहाल स्थिति सामने आ रही है। जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार में डाट पुलिया के समीप नेशनल हाईवे गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है। विभाग की ओर से बार-बार मरम्मत किए जाने के बावजूद कुछ ही दिनों में सड़क की हालत फिर बिगड़ रही है। ऐसे में मरम्मत कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

जिला मुख्यालय के मुख्य बाजार में सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रहे हैं और दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।इस पर जिला कांग्रेस प्रवक्ता नरेंद्र बिष्ट ने कहा कि सरकार जनपद की सड़कों को गड्ढा मुक्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी पर निशाना साधते हुए कहा कि मंत्री दिन-रात इन्हीं सड़कों से गुजरते हैं इसके बावजूद सड़कों पर गड्ढे जस के तस बने हुए हैं। उन्होंने कहा कि गड्ढे भरने का मरम्मत कार्य होता है लेकिन घटिया सामग्री के कारण काम ज्यादा दिन तक टिक नहीं पाता।

कांग्रेस नेता लक्ष्मण सिंह रावत ने मरम्मत कार्यों पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि गड्ढा मुक्त अभियान के नाम पर भ्रष्टाचार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत के कुछ ही दिनों बाद दोबारा गड्ढे बनना कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े करता है।

वहीं, कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी ने कहा कि जनपद में सड़कों की लंबाई अधिक होने के कारण सभी सड़कों का ट्रीटमेंट करने में समय लग रहा है। उन्होंने शीघ्र ही जनपद की सभी सड़कों का ट्रीटमेंट कराने का भरोसा दिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X