Saharanpur News:चार साल बाद भी नहीं बहा सीवर, जमीन में दफन है 70 करोड़ की लाइन – Even After Four Years, The Sewer Remains Non-functional; A 70 Crore Pipeline Lies Buried Underground
सहारनपुर। स्मार्ट सिटी योजना के तहत शहर में बिछाई गई 49 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन से चार साल बाद भी सीवर नहीं बह सका है। ऐसे में 70 करोड़ रुपये की लाइन जमीन में दफन है। सीवर लाइन चलाने के लिए एसटीपी के चालू होने का इंतजार है।
शहर की जल निकासी के लिए महानगर में पहले से 238 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछी हुई है, जो प्रमुख मार्गों, बाजारों कॉलोनियों और मोहल्लों से होकर गुजरती है। स्मार्ट सिटी योजना के तहत भी शहर में 49 किलोमीटर लंबी सीवर लाइन बिछाई गई है, जो नेहरू मार्केट सहित कई जगहों पर 20 से 25 फीट तक गहरी है। यानी बड़ी सीवर लाइन है। इसका बजट पहले 87 करोड़ रुपये था, जिसे बाद में कम करके करीब 70 करोड़ रुपये किया गया।
सीवर लाइन को बिछे चार साल बीत चुके हैं। अधिकारियों का कहना है कि सीवर लाइन तभी चालू की जाएगी, जब मल्हीपुर रोड पर ढमोला नदी के किनारे बन रहा 135 एमएलडी का एसटीपी चालू होगा। बता दें कि एसटीपी का कार्य पहले ही देरी से शुरू हुआ। उसके बाद अनेक अड़चनों के कारण काम धीमी गति से चल रहा है।
अभी तक निगम को हस्तांतरित नहीं हुई लाइन
सीवर लाइन चालू होने के बाद 12 महीने तक निशुल्क मरम्मत करके देने का समय टेंडर की शर्तों में है। यानी चालू होने के बाद यदि लाइन में किसी भी तरह की दिक्कत आती है तो इसे बिछाने वाली कंपनी निशुल्क में ठीक करके देगी। क्योंकि एसटीपी चालू होने से पहले इसे चालू नहीं किया जा सकता। ऐसे में बिछाए जाने के करीब पांच साल बाद भी नगर निगम ने इसे अपने हाथ में नहीं लिया है।
आईपीएस भी अभी बंद
सीवर लाइनों में बहने वाले दूषित पानी को प्रेशर के साथ खींचकर एसटीपी तक पहुंचाने के लिए एसएएम इंटर कॉलेज पुल के पास ढमोला नदी पर आईपीएस बनाया गया है। इसे भी तैयार हुए करीब तीन साल बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक इसका इस्तेमाल नहीं हो सका है।
स्मार्ट सिटी योजना में बिछाई गई सीवर लाइन के चालू होने के बाद 12 महीने तक मेंटेनेंस करके देने की जिम्मेदारी इसे बिछाने वाली कंपनी की है। इसीलिए नगर निगम ने अभी तक इसे अपने हाथ में नहीं लिया है। जब तक एसटीपी बनकर तैयार और चालू नहीं होगा, तब तक यह बंद ही रहेगी।
– दिनेश सिंघल, जीएम, स्मार्ट सिटी सहारनपुर
