Saharanpur News:टेस्टिंग सेंटर दूर, आवेदक परेशान डीएल बनवाने का आंकड़ा सिमटा – Testing Centers Are Far Away, Causing Inconvenience To Applicants; The Number Of Driving Licenses (dls) Being Issued Has Declined
सहारनपुर। टपरी स्थित ऑटोमेटिक ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर दूर होने के चलते आवेदक नहीं पहुंच पा रहे हैं। महिला आवेदकों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। इस कारण ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने का आंकड़ा 25 से 30 तक सिमट गया है। पहले डीएल बनने का आंकड़ा 60 के पार रहता था।
परिवहन विभाग में लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस की व्यवस्था ऑनलाइन है। स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए आवेदक को पहले आरटीओ कार्यालय जाना होता है। यहां बायोमीट्रिक और दस्तावेज की जांच होती है। इसके बाद ड्राइविंग टेस्ट के लिए निजी सेंटर जाना पड़ता है। पहला ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर बेहट रोड पर शुरू हुआ था, जिसका अनियमितता के चलते लाइसेंस निरस्त हो गया था। इसके बाद अब टपरी गांव के पास ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर चल रहा है। यहां टेस्ट की सारी प्रक्रिया सीसीटीवी की निगरानी में होती है। आरटीओ कार्यालय से निजी सेंटर की दूरी करीब 10 से 15 किलोमीटर दूर है। इससे पहले आवेदक को बायोमीट्रिक के लिए आरटीओ कार्यालय जाना पड़ता है। दूरी अधिक होने के चलते आवेदक नहीं पहुंच पा रहे हैं।
– प्रियांशु शर्मा ने बताया कि निजी सेंटर की अधिक दूरी के चलते ड्राइविंग लाइसेंस नहीं बनवा पा रहा हूं। कई बार प्रयास किया गया। बायोमीट्रिक व टेस्ट के लिए अलग-अलग जगह होने से परेशानी हो रही है।
– निशांत कुमार का कहना है कि ड्राइविंग लाइसेंस के लिए मैनुअल व्यवस्था ठीक थी। एक ही जगह पर बायोमीट्रिक और टेस्ट होने की सुविधा मिल रही थी। अब सेंटर ऐसी जगह बना दिया, जहां जाने से पहले सोचना पड़ता है।
स्थायी लाइसेंस के लिए टपरी स्थित ड्राइविंग ट्रेनिंग सेंटर जरूरी है। इससे पहले आवेदक को बायोमीट्रिक और दस्तावेज के लिए आरटीओ कार्यालय आना पड़ेगा। तभी जाकर ड्राइविंग लाइसेंस की प्रक्रिया शुरू होती है।
– रोहित कुमार सिंह, संभागीय निरीक्षक
