Saharanpur News:पात्रता की जांच में देरी, लंबा हो रहा 53 हजार परिवारों के लिए पक्की छत का इंतजार – Delay In Eligibility Verification Prolongs The Wait For Permanent Housing For 53,000 Families
सहारनपुर। महानगर के वार्ड आठ निवासी मनोज कुमार ने पीएम आवास योजना शहरी के लिए करीब 14 महीने पहले आवेदन किया था। अभी तक यह भी पता नहीं चल पा रहा कि वह पात्रों की सूची में हैं या नहीं। वह कई बार विभाग के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा है। कमोवेश यही स्थिति करीब 53 हजार परिवारों की है, जिन्हें मकान के लिए चयनित होने और पहली किस्त का इंतजार है।
पीएम आवास योजना शहरी-1.0 (पहले चरण) में करीब 35 हजार लोगों को योजना का लाभ मिला। पहले चरण में आवेदनकर्ताओं की पात्रता की जांच हुई थी, लेकिन जांच में मिलीभगत और लापरवाही के कारण कई अपात्र लोग योजना का लाभ पा गए। कई ऐसे नाम भी सामने आए, जिन्होंने योजना के तहत ढाई लाख रुपया तो लिया, लेकिन मकान नहीं बनाया। उन्होंने दूसरे व्यक्ति के मकान के सामने खड़ा कर फोटो खींचकर अपलोड कर दिए गए। अब पीएम आवास योजना शहरी-2.0 (दूसरा चरण) चल रहा है। इसमें फर्जीवाड़ा रोकने के लिए शासन स्तर से ही जांच को सघन बनाया गया है।
जांच की यही सघनता आवेदनकर्ताओं के सिर का दर्द बनी हुई है। आवेदकों की पात्रता की जांच दो स्तर पर कराई जा रही है। पहले नगर निगम और उसके बाद तहसील स्तर पर जांच होनी है। करीब चार महीने पहले 55 हजार आवेदनों की जांच होनी थी, जिनमें से अभी तक करीब ढाई हजार की ही जांच हो सकी है। बाकी करीब 53 हजार आवेदकों का पक्की छत का सपना अभी जांच के फेर में लटका हुआ है।
दूसरे चरण में आवेदन की स्थिति
कुल आवेदन
स्वीकृत हुए
पहली किस्त जारी
जांच चल रही
दूसरी किस्त आने में भी लंबा इंतजार
पीएम आवास योजना शहरी दूसरे चरण में 11,057 लोगों के खाते में पहली किस्त का पैसा गया है। करीब आठ महीने पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 10,214 लाभार्थियों के खाते में सिंगल क्लिक से पहली किस्त का धनराशि स्थानांतरित की थी। संबंधित लोगों ने पहली किस्त में नींव भरने तक का काम पूरा किया हुआ है। उसके बाद से वह दूसरी किस्त का इंतजार कर रहे हैं।
आवेदनकर्ताओं की पात्रता की जांच अनिवार्य हिस्सा है। जांच नगर निगम और तहसील के स्तर से की जा रही है। कुछ की जांच होकर आई है, जिनकी आगे की प्रक्रिया अपनाई जा रही है।
– रोहित चौधरी, परियोजना अधिकारी, डूडा
