शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
सहारनपुर

Saharanpur News:भुगतान के बाद भी नहीं मिल रहा विद्युत निगम का साथ, स्मार्ट रोड का काम लटका – Despite Payment, No Support From The Electricity Corporation; ‘smart Road’ Project Remains Stalled

November 11, 2026


सहारनपुर। करीब 75 लाख रुपये जमा कराने के बाद भी स्मार्ट रोड के फुटपाथ से बिजली के खंभे नहीं हटाए जा सके हैं। इसकी वजह से रोड पर बिजली की लाइन भूमिगत करने और पथ प्रकाश के खंभे लगाने का काम लटका है।

सीएम ग्रिड योजना के तहत कलक्ट्रेट तिराहा से हकीकतनगर, आईएमए भवन और सदर कोतवाली के सामने को होते हुए दीवानी कचहरी तिराहा तक 1.5 किलोमीटर की स्मार्ट रोड बनाई जा रही है। निर्माण की धीमी चाल और समय-समय पर आई अड़चनों की वजह से रोड का काम आज तक लटका हुआ है। कार्यदायी संस्था काम पूरा होने का दावा कर रही है, लेकिन नगर निगम के निर्माण विभाग के अधिकारियों का कहना है कि जब तक भूमिगत की गई बिजली की लाइन चालू नहीं होगी, साथ ही जब तक फुटपाथ पर आड़े-तिरछे खड़े खंभे नहीं हटेंगे, तब तक काम पूरा नहीं माना जा सकता।

दरअसल, फुटपाथ पर खड़े खंभे विद्युत निगम को ही हटाने थे, लेकिन उसके लिए विद्युत निगम ने जो पैसे की मांग की वह अधिक था। ऐसे में कार्यदायी संस्था ने खर्च कम करने के लिए केवल सुपरविजन चार्ज जमा कराया है, जो 75 लाख रुपये बताया जा रहा है। इसमें विद्युत निगम शटडाउन तो देगा ही। उन्हीं के सुपरविजन यानी देखरेख में खंभे हटेंगे और भूमिगत की गई लाइन चालू होगी। कार्यदायी संस्था और विद्युत निगम के बीच तालमेल नहीं बन पाने की वजह से खंभे नहीं हट पा रहे हैं।

———

पथ प्रकाश के खंभे भी नहीं लगे

स्मार्ट रोड के फुटपाथ पर दोनों ओर पथ प्रकाश के लिए विशेष डिजाइन के खंभे लगाए जाने हैं। फुटपाथ पर बिजली के खंभे खड़े होने और उन पर बिजली की तारें खिंची होने की वजह से पथ प्रकाश के खंभे खड़े नहीं हो पा रहे हैं। यही कारण है कि कुछ ही जगहों पर पथ प्रकाश के खंभे लगाए जा सके हैं। बाकी फुटपाथ पर ही पड़े हैं। कई जगह मोटे केबिल फुटपाथ पर फैले हुए हैं। इनकी वजह से रोड खराब नजर आ रही है। पैदल यात्रियों को भी चलने में दिक्कत आ रही है।

स्मार्ट रोड के फुटपाथ के खंभे कार्यदायी संस्था खुद हटाएगी, लेकिन यह काम विद्युत निगम की देखरेख में ही होगा। उसके लिए विद्युत निगम को पैसा भी दिया गया है। संभवत: 17 नवंबर के बाद काम होगा।

– एसपी मिश्रा, मुख्य अभियंता, निर्माण विभाग नगर निगम

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X