शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Sirsa News:देश के सबसे प्रदूषित शहरों में सिरसा आठवें स्थान पर, 322 पहुंचा एक्यूआई – In Pollution Sirsa City On 8th Number In Country
सिरसा

Sirsa News:देश के सबसे प्रदूषित शहरों में सिरसा आठवें स्थान पर, 322 पहुंचा एक्यूआई – In Pollution Sirsa City On 8th Number In Country

November 11, 2026


– जहरीली हवा से लोगों का सांस लेना हुआ दूभर, धुएं की सफेद चादर में लिपटा रहा जिला

संवाद न्यूज एजेंसी

सिरसा। जिले में वायु प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ने के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी बुलेटिन के अनुसार, मंगलवार को जिले में पीएम 2.5 का औसत स्तर 322 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।

वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के मुताबिक, यह बहुत खराब श्रेणी में आता है। इसी के साथ सिरसा अब देश के आठवें सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में शामिल हो गया है। हवा में फैले जहरीले प्रदूषक तत्वों के कारण अब आमजन का सांस लेना भी दूभर हो गया है।

सुबह से ही पूरा जिला धुएं और स्मॉग की सफेद चादर में लिपटा रहा। दिनभर आसमान में धुंध छाई रहने से दृश्यता काफी कम रही। बाजारों और मुख्य सड़कों पर वायु प्रदूषण का असर साफ दिखा। इससे बचने के लिए दोपहिया वाहन चालक मास्क लगाकर यात्रा करते नजर आए।

अस्पताल में बढ़े मरीज, विशेषज्ञ दे रहे सावधानी की सलाह

प्रदूषण के इस खतरनाक स्तर से खासकर बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस की बीमारियों से पीड़ित मरीजों की परेशानियां काफी बढ़ गई हैं। जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को आंखों के मरीजों की ओपीडी में सामान्य दिनों के मुकाबले 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई। जिला नागरिक अस्पताल के नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रियंकर ने बताया कि हवा में मौजूद प्रदूषकों के कारण लोगों को आंखों में जलन और पानी आने की समस्या हो रही है। उन्होंने सलाह दी है कि लोग बिना किसी जरूरी काम के घरों से बाहर न निकलें। यदि बाहर जाना ही पड़े तो वापस आकर आंखें ठंडे पानी से धोएं और राहत न मिलने पर तुरंत चिकित्सक से परामर्श लें। अस्पताल के फिजिशियन डॉ. अनिल के अनुसार, हवा में मौजूद सूक्ष्म कण सांस के रास्ते फेफड़ों तक पहुंच रहे हैं। इससे खांसी, गला खराब होना और सांस फूलने जैसी दिक्कतें स्वस्थ लोगों को भी प्रभावित कर रही हैं।

तापमान में आई गिरावट, दिन में भी बढ़ी ठंड

प्रदूषण की मार के बीच जिले के मौसम में भी बड़ा बदलाव आया है। मंगलवार को अधिकतम तापमान में करीब तीन डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दिनभर धूप न होने के कारण दोपहर में भी लोगों को ठंड का अहसास हुआ। जिले का न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

बिना पराली जले हवा होने लगी जहरीली

पिछले चार दिनों में जिले में पराली जलाने का एक भी मामला सामने नहीं आया है और न ही यहां कोई खनन गतिविधियां होती हैं। इसके बावजूद प्रदूषण का स्तर लगातार ऊपर जा रहा है। हालांकि, प्रशासन पराली जलाने की घटनाओं पर सख्त नजर बनाए हुए है। जिले में अब तक पराली जलाने के 12 मामले पकड़े जा चुके हैं। इनमें किसानों पर कुल 65 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। चार किसानों के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X