Sirsa News:बणी में खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कल – Sports Tomorrow In Bani Stadium
रानियां। मेरा युवा भारत के तत्वावधान में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का आयोजन होगा। यह प्रतियोगिता कल 16 नवंबर दिन सोमवार को दोपहर बाद 3 बजे खेल स्टेडियम बणी में की जाएगी। इसका उद्देश्य 100 सप्ताह नशा मुक्ति युवा अभियान को बढ़ावा देना है।
यूथ क्लब एसोसिएशन के प्रधान सुखजीत मान ने इसकी जानकारी दी। प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियों की 100 मीटर व 400 मीटर दौड़ होगी। इसके साथ ही ऊंची कूद, लंबी कूद और एथलेटिक्स के मुकाबले भी करवाए जाएंगे।
लड़कों के लिए कबड्डी और लड़कियों के लिए वॉलीबॉल के मुकाबले भी होंगे। इसमें केवल रानियां खंड के गांवों व शहर के खिलाड़ी ही भाग ले सकेंगे। खिलाड़ियों को बढ़-चढ़कर प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
